दानापुर में बीस सूत्री की बैठक, अधिकारियों की गैरहाजिरी पर भड़कीं मीसा भारती

दानापुर प्रखंड कार्यालय में बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई. इस बैठक में सांसद डॉ. मीसा भारती ने कई महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर नाराजगी व्यक्त की. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया.

Patna News : पटना जिले के दानापुर प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार को बीस सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन समिति के सचिव सह बीडीओ आलोक कुमार ने किया. बैठक में स्थानीय सांसद डॉ. मीसा भारती, प्रमुख वंदना राय, बीस सूत्री उपाध्यक्ष मनोज कुमार समेत समिति के सदस्य और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर सांसद ने जताई नाराजगी

बैठक में कई विभागों के अधिकारियों के मौजूद नहीं रहने पर सांसद डॉ. मीसा भारती ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि जब अधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं रहेंगे तो जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कैसे होगी. उन्होंने अधिकारियों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश देने की बात कही और कहा कि अगली बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहें.

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने पर जोर

सांसद ने कहा कि बीस सूत्री समिति की बैठक का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करना और उनका लाभ आम लोगों तक पहुंचाना है. अधिकारियों की मौजूदगी में ही योजनाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सकती है और समस्याओं का समाधान किया जा सकता है.

स्कूलों में शिक्षा सुधार पर दिया जोर

मीसा भारती ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों को बेहतर शिक्षा देना प्राथमिकता होनी चाहिए. केवल स्कूलों की पेंटिंग कराने से शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हो सकता. बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, इस दिशा में ठोस प्रयास करने की जरूरत है.

कई विभागों के अधिकारी रहे अनुपस्थित

बीस सूत्री उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने कहा कि बैठक में सीओ, सीडीपीओ, चिकित्सा पदाधिकारी, बीईओ समेत कई अधिकारी मौजूद नहीं थे. उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था पेंशन, दाखिल-खारिज, पारिवारिक सूची समेत कई कार्य लंबित हैं. इन समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए.

बीडीओ ने विकास योजनाओं का दिया ब्योरा

बैठक के दौरान बीडीओ आलोक कुमार ने प्रखंड में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का ब्योरा प्रस्तुत किया. समिति के सदस्यों की ओर से उठाए गए सवालों और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिया. बैठक में बीस सूत्री सदस्य सुबोध कुमार, रीता पासवान, अरविंद कुमार, संजय यादव, राजेश शर्मा, उपेंद्र, अमन, पंचायत समिति सदस्य संतोष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >