पटना में नीट की तैयारी कर रहे छात्र पर चाकू से 6 वार, बहन से बातचीत से नाराज नाबालिग ने किया जानलेवा हमला

Patna minor attacker : पटना के रामकृष्णा नगर में नीट की तैयारी कर रहे छात्र पर एक नाबालिग ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है.

Patna minor attacker : रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र के सोरंगपुर स्थित एडीएम कॉलोनी में रविवार देर शाम एक नाबालिग ने नीट की तैयारी कर रहे छात्र पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. आरोपी ने छात्र पर लगातार छह बार चाकू से वार किए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

मधुबनी का रहने वाला है घायल छात्र

घायल छात्र की पहचान मधुबनी निवासी मनोज कुमार के पुत्र अभिनव कुमार के रूप में हुई है. अभिनव पटना में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहा है. पुलिस के अनुसार, घटना के समय वह अपनी कॉलोनी में मौजूद था. इसी दौरान आरोपी नाबालिग ने उस पर अचानक हमला कर दिया. लगातार चाकू के वार से घायल होकर अभिनव मौके पर ही गिर पड़ा.

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

घटना की सूचना मिलते ही रामकृष्ण नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया. चिकित्सकों के अनुसार छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है.

बहन से बातचीत को लेकर था नाराज

सदर-2 के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (डीएसपी) रंजन कुमार ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को निरुद्ध कर लिया गया है. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि अभिनव कुमार उसकी बहन से बातचीत करता था. इसी बात से नाराज होकर उसने छात्र पर चाकू से हमला कर दिया.

चाकू बरामद, पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है. घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हमले की योजना पहले से बनाई गई थी या किसी तत्काल विवाद के बाद घटना को अंजाम दिया गया.

पुलिस ने बताया कि आरोपी नाबालिग होने के कारण उसके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा रही है. वहीं घायल छात्र की स्थिति में सुधार होने के बाद उसका बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार में शुरू हुई हेली-एयर टूरिज्म सेवा, पटना से राजगीर, वाल्मीकिनगर और कैमूर जाने पर मिलेगी सब्सिडी



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajit kumar phulwarisharif

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >