देर रात पटना के मनेर में लाखों की चोरी, बंद कमरे में फंसे रहे परिजन; लॉकर तोड़ा चोरों ने किया हाथ साफ

मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर गांव में एक हैरान करने वाली चोरी की घटना हुई है. अज्ञात चोरों ने घर में सो रहे परिवार को कमरे में बंद कर लाखों रुपए के गहने चुरा लिए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Patna crime News : पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां खासपुर गांव में अज्ञात चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर लाखों रुपए के गहने पार कर दिए. हैरानी की बात यह रही कि चोरों ने घर में सो रहे लोगों को कमरे में ही बंद कर दिया और आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, खासपुर गांव निवासी उमेश प्रसाद सिंह अपने परिवार के साथ घर के एक कमरे में सो रहे थे. देर रात अज्ञात चोर छत के सहारे घर के अंदर घुस गए. घर में घुसते ही चोरों ने चालाकी दिखाते हुए कमरे के बाहर से कुंडी लगा दी, जिससे अंदर सो रहे लोग बाहर न निकल सकें.

Maner Theft Case : बंद कमरे में फंसे रहे परिजन

जब चोर वारदात को अंजाम दे रहे थे, उस वक्त परिवार के सभी सदस्य कमरे के अंदर ही बंद थे. चोरों ने आराम से पूरे घर की तलाशी ली और गोदरेज अलमीरा, बक्सा समेत अन्य सामानों के लॉकर को तोड़ डाला.

बताया जा रहा है कि चोरों ने करीब 3 से 4 लाख रुपए के गहनों पर हाथ साफ कर लिया. वारदात के दौरान किसी को भनक तक नहीं लगी, जिससे साफ है कि चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे.

सुबह खुला चोरी का राज

सुबह जब घर के लोगों की नींद खुली और उन्होंने बाहर निकलने की कोशिश की तो दरवाजा बाहर से बंद मिला. इसके बाद उन्होंने शोर मचाया और किसी तरह आसपास के लोगों को सूचना दी.

मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दरवाजा खोला, तब जाकर परिवार के लोग बाहर निकल सके. बाहर निकलते ही घर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए. सामान बिखरा पड़ा था और लॉकर टूटे हुए थे. घर में लाखों की चोरी हो चुकी थी.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. एसआई अफसर अली और एएसआई अभय कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.

मनेर थाना के एसआई अफसर अली ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत दी गई है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

इलाके में बढ़ी चिंता

इस घटना के बाद इलाके के लोगों में डर का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की वारदात से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग भी उठने लगी है.

मनेर के खासपुर गांव में हुई इस चोरी ने पुलिस के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है. अब देखना होगा कि पुलिस कितनी जल्दी इस मामले का खुलासा कर पाती है. फिलहाल पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद में है और पुलिस जांच के जरिए सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Suaib khan maner

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >