Patna News : मुंबई से ट्रेन से लौटे 47 वर्षीय मोहम्मद नादिर इकबाल पटना जंक्शन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए. परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए रेल थाना पटना जंक्शन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है. रेलवे परिसर से उनका बैग लावारिस हालत में बरामद हुआ है, जबकि मोबाइल फोन और नकदी गायब हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
कटिहार जाने की बात कहकर हुआ संपर्क बंद
मोहम्मद नादिर इकबाल मूल रूप से कटिहार जिले के कुरूमकतार के रहने वाले हैं. उनके पुत्र मोहम्मद अजहर आलम ने बताया कि उनके पिता 24 जुलाई को मुंबई से ट्रेन से रवाना हुए थे और 26 जुलाई को पटना जंक्शन पहुंचे. सुबह 8:38 बजे से दोपहर 12:42 बजे के बीच उनकी कई बार बातचीत हुई. उन्होंने बताया था कि दोपहर 2:30 बजे की इंटरसिटी एक्सप्रेस से कटिहार जाएंगे.
आखिरी कॉल में कहा- कोई जबरन साथ ले जा रहा है
परिजनों के अनुसार, अंतिम बार फोन पर उन्होंने बताया कि कोई व्यक्ति उन्हें जबरन अपने साथ कहीं ले जा रहा है. इसके कुछ ही देर बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया और फिर उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका.
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध के साथ दिखे
रेल पुलिस ने मामले की जांच के दौरान स्टेशन परिसर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में मोहम्मद नादिर इकबाल लड़खड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं और एक व्यक्ति उन्हें अपने साथ ले जाता नजर आ रहा है. इसी दौरान रेलवे परिसर से उनका बैग लावारिस अवस्था में बरामद किया गया, जबकि मोबाइल फोन और नकदी नहीं मिले.
नशाखुरानी या ठगी की आशंका, जांच जारी
बैग मिलने और मोबाइल-नकदी गायब होने के बाद पुलिस नशाखुरानी गिरोह या ठगी की आशंका सहित सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. रेल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर लापता व्यक्ति का पता लगाने का प्रयास जारी है.
