मसौढ़ी ( पटना) से अजय कुमार की रिपोर्ट Patna News : नगर परिषद मसौढ़ी में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मियों और नगर परिषद प्रशासन के बीच मंगलवार को हुई वार्ता भी बेनतीजा रही. उपमुख्य पार्षद चंद्रकांत कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों, हड़ताली कर्मियों और पटना से आए एक्टू नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई, लेकिन किसी भी मुद्दे पर सहमति नहीं बन सकी.
मांगों को सरकार तक भेजने का दिया आश्वासन
बैठक में नगर परिषद अधिकारियों ने सफाई कर्मियों को बताया कि मसौढ़ी नगर परिषद अन्य निकायों की तुलना में अधिक दैनिक मजदूरी दे रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों को स्थायी करने का अधिकार राज्य सरकार के पास है, इसलिए इस संबंध में स्थानीय स्तर पर कोई निर्णय संभव नहीं है. हालांकि, परिषद ने आश्वासन दिया कि कर्मियों की सभी मांगों को बोर्ड के माध्यम से राज्य सरकार के पास भेजा जाएगा. इसके बावजूद सफाई कर्मी अपनी मांगों पर अड़े रहे.
हड़ताल जारी रही तो बाहर से बुलाए जाएंगे मजदूर
वार्ता विफल होने के बाद नगर परिषद ने स्पष्ट कर दिया कि शहर को गंदगी के हवाले नहीं छोड़ा जाएगा. जब तक हड़ताल जारी रहेगी, तब तक बाहर से मजदूर बुलाकर मुख्य मार्गों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कराई जाएगी. अधिकारियों ने हड़ताल के दौरान सड़कों पर कचरा फैलाने जैसी गतिविधियों से बचने की भी अपील की.
बाहरी मजदूरों का विरोध कर बैठक से उठे सफाई कर्मी
शुरुआत में सफाई कर्मियों और उनके नेताओं ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई, लेकिन बाद में उन्होंने बाहरी मजदूरों से सफाई कराने का विरोध करते हुए उन्हें काम नहीं करने देने की बात कही और बैठक छोड़कर चले गए.
आउटसोर्सिंग एजेंसी ने दी नौकरी जाने की चेतावनी
इधर, नगर परिषद की आउटसोर्सिंग एजेंसी ने ध्वनि यंत्र के माध्यम से हड़ताली सफाई कर्मियों से तत्काल ड्यूटी पर लौटने की अपील की है. एजेंसी ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय के भीतर काम पर वापस नहीं आने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्य से हटाने की कार्रवाई की जा सकती है.
शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित
हड़ताल के कारण शहर के कई इलाकों में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है. जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है. नगर परिषद ने संकेत दिए हैं कि शहर की सफाई व्यवस्था जल्द सामान्य करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाएगी.
बैठक में उपस्थित रहे: मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शंभु कुमार, सिटी मैनेजर शेखर कुमार प्रसाद, स्वच्छता पदाधिकारी अमित कुमार भगत, अमीन रामाधार प्रसाद, पार्षद एवं उनके प्रतिनिधि सुशील कुमार, उज्ज्वल कुमार, राकेश कुमार, शेखर कुमार, प्रधान सहायक शिव कुमार तथा बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मौजूद रहे.
