Patna News : मसौढ़ी नगर परिषद मसौढ़ी की सामान्य बोर्ड की बैठक सोमवार को नगर परिषद सभागार में मुख्य पार्षद पिंकी देवी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में नगर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद स्वीकृति दी गयी. बरनी रविदास टोला स्थित सार्वजनिक तालाब और महादेवपुर छठ घाट के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण की योजना को बोर्ड ने मंजूरी दी. वहीं वार्ड संख्या तीन में हरिजन विद्यालय, मौजा तारेगना के अंश भाग में पार्क निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गयी.
सड़क-नाली समेत नागरिक सुविधाओं पर जोर
बैठक में पूर्व की सामान्य बोर्ड एवं सशक्त स्थायी समिति की बैठकों की कार्यवाही की संपुष्टि की गयी. इसके बाद विभिन्न वार्डों में विकास योजनाओं के चयन और प्रशासनिक स्वीकृति के लिए पार्षदों से प्रस्ताव लिये गये. सड़क, नाली, नल-जल, स्ट्रीट लाइट समेत अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई. बोर्ड ने जरूरत के अनुसार योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर सहमति जतायी.
सीसीटीवी से वंचित इलाकों में लगाए जाएंगे कैमरे
नगर की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे लगाने को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई. जिन इलाकों और प्रमुख स्थानों पर अभी सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे हैं, वहां कैमरे लगाने के लिए संबंधित वार्ड पार्षदों से प्रस्ताव मांगा गया. प्रस्ताव मिलने के बाद जरूरत के अनुसार स्थानों को चिह्नित कर सीसीटीवी लगाने की कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी राजू रंजन, उप मुख्य पार्षद चंद्रकांत कुमार, सिटी मैनेजर शेखर कुमार प्रसाद, प्रधान लिपिक शिव प्रकाश समेत पार्षद उज्ज्वल कुमार, शेखर कुमार, सबुजा चौधरी, एकराम हसनैन सहित अन्य पार्षद मौजूद थे.
