पटना: कंकड़बाग में 33 वर्षीया विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने पति समेत 3 पर लगाया हत्या का आरोप; केस दर्ज

पटना के कंकड़बाग में विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Patna News: राजधानी पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र अंतर्गत रामलखन पथ स्थित ससुराल में 33 वर्षीया विवाहिता कुमारी अनुराधा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के बाद मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. मृतका की मां मीना देवी (मूल निवासी तेघड़ा, बेगूसराय, वर्तमान निवासी जयहिंद कॉलोनी, फुलवारीशरीफ, पटना) के लिखित बयान पर कंकड़बाग थाने में पति अमित कुमार, देवर विकास कुमार और ममेरे भाई चिंटू कुमार के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.

मायके से ससुराल लौटने के अगले ही दिन बिगड़ी तबीयत

दर्ज प्राथमिकी और पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, कुमारी अनुराधा का करीब चार माह पूर्व प्रसव (डिलीवरी) हुआ था और वह पिछले एक महीने से अपने मायके में रह रही थी. 28 अगस्त 2026 की सुबह उसका पति अमित कुमार उसे मायके से विदा कराकर कंकड़बाग स्थित अपने आवास ले आया था. इसके अगले ही दिन 29 अगस्त की देर रात अमित कुमार ने अनुराधा के भाई को फोन कर सूचना दी कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई है, वह बेहोश हो गई है और अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हो रहा है.

मेदांता अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

ससुराल वाले आनन-फानन में अनुराधा को लेकर स्थानीय अस्पताल पहुंचे, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे कंकड़बाग स्थित जयप्रभा मेदांता अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, वहां के आपातकालीन चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने हत्या की आशंका जताते हुए जमकर हंगामा किया.

कपड़े खरीदने के पैसे को लेकर हुआ था विवाद: मां का आरोप

मृतका की मां मीना देवी ने पुलिस को बताया कि घटना से चार दिन पहले अनुराधा ने नवजात बच्चे के कपड़े खरीदने के लिए पति अमित से कुछ रुपये मांगे थे. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ था. मां का सीधा आरोप है कि योजनाबद्ध तरीके से अनुराधा को ससुराल ले जाकर पति और अन्य परिजनों ने मिलकर उसकी जान ले ली. कंकड़बाग थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी जांच शुरू कर दी है.

Also Read: पटना : चार दोस्तों की मौत से गांव में मातम, मामले में अब तक 42 लोगों की गिरफ्तारी

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नितीश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >