Patna Crime News : राजधानी पटना में दानापुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात ऑनलाइन लूडो खेलने के दौरान हुए विवाद में एक युवक को उसके दोस्त ने पेट में गोली मारकर जख्मी कर दिया. गोली लगने से मैनपुरा निवासी विजय राय का 18 वर्षीय पुत्र दुर्गेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजनों ने उसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया है.
विवाद होते ही पिस्तौल निकाल चला दी गोली
बताया जाता है कि शनिवार देर रात दुर्गेश अपने दोस्त के साथ ऑनलाइन लूडो खेल रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर उसके दोस्त ने पिस्तौल निकाल ली और दुर्गेश के पेट में गोली मार दी. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा. पुलिस के अनुसार, दुर्गेश के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम छापेमारी कर रही है.
