पटना से रिया की रिपोर्ट
Patna Mahangu Hotel : पटना में स्वाद के शौकीनों के लिए कई मशहूर जगहें हैं, लेकिन कुछ जगहें ऐसी हैं जहां खाने के साथ इतिहास भी परोसा जाता है. ऐसा ही एक नाम है 'महंगु होटल', जो करीब 150 साल से अपने पारंपरिक मांसाहारी व्यंजनों के लिए जाना जाता है. खास तौर पर यहां की सरसों वाली रोहू मछली लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है. तीन पीढ़ियों से इस होटल को परिवार संभाल रहा है और आज भी व्यंजन बनाने का पारंपरिक तरीका बरकरार है.
तीन पीढ़ियों से बरकरार है स्वाद की परंपरा
महंगु होटल की शुरुआत करीब 150 साल पहले महंगु नाम के व्यक्ति ने की थी. उनके नाम पर ही होटल का नाम रखा गया. आज उनके पोते इस होटल को चला रहे हैं. यानी तीन पीढ़ियों से परिवार इस स्वाद की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है.
होटल संचालक के मुताबिक, यहां मछली को घर में तैयार किए गए खास सरसों के मसाले में बनाया जाता है. इसी पारंपरिक तरीके से तैयार होने वाली रोहू मछली यहां की खास पहचान बन चुकी है. यही वजह है कि लोग दूर-दूर से इसका स्वाद चखने पहुंचते हैं.
मछली ही नहीं, मटन और बटेर भी हैं खास
महंगु होटल की पहचान सिर्फ रोहू मछली तक सीमित नहीं है. यहां मटन, अंडा, बटेर समेत कई तरह के मांसाहारी व्यंजन भी तैयार किए जाते हैं. होटल संचालक बताते हैं कि पटना के अलावा दूसरे शहरों से भी लोग यहां खाना खाने आते हैं. उनके मुताबिक, कई जाने-माने लोग भी इस होटल का स्वाद चख चुके हैं. वह बताते हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी यहां आकर खाना खा चुके हैं.
30-40 साल से ग्राहक, अब पोतों को भी लाए
महंगु होटल की खासियत सिर्फ इसके व्यंजनों में नहीं, बल्कि इससे जुड़ी लोगों की पुरानी यादों में भी है. एक ग्राहक करीब 30-40 साल से इस होटल में आते रहे हैं. अब वह अपने पोतों को भी यहां लेकर पहुंचे.
वहीं, छपरा से इलाज के लिए पटना आए एक ग्राहक ने बताया कि पटना आने के बाद वह खास तौर पर महंगु होटल में खाना खाने पहुंचे. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि इस होटल से जुड़ा स्वाद अब सिर्फ पटना तक सीमित नहीं है.
करीब 150 साल पुराना महंगु होटल आज भी अपने पुराने स्वाद, पारंपरिक रेसिपी और पीढ़ियों से चले आ रहे भरोसे के साथ पटना की खास पहचान बना हुआ है.
