Rape of a female student : पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र की एक महिला कॉलेज की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. छात्रा स्नातक प्रथम वर्ष की बतायी जा रही है. आरोप है कि शुक्रवार को एक परिचित युवक मॉल घुमाने के बहाने उसे कॉलेज के पास से अपने साथ ले गया और बाद में बाईपास इलाके में स्थित एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया.
परिजनों को बतायी पूरी घटना
घटना के बाद छात्रा ने अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी. इसके बाद परिजन उसे लेकर शास्त्रीनगर थाने पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी. पुलिस ने छात्रा के आवेदन और बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
सरकारी अस्पताल में कराया मेडिकल
रविवार को पुलिस ने छात्रा का गर्दनीबाग स्थित सरकारी अस्पताल में मेडिकल कराया. मेडिकल जांच के साथ पुलिस ने घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटायी हैं. छात्रा ने पुलिस को आरोपी के मोबाइल नंबर की जानकारी दी है.
मोबाइल नंबर से आरोपी की तलाश
मोबाइल नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी है. पुलिस टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. इसके अलावा मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिये आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.
परिचित और प्रेमी होने की बात सामने आयी
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आरोपी के छात्रा का परिचित और प्रेमी होने की बात सामने आयी है. हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
