पटना लॉ कॉलेज- छुट्टी में न्यायालय की कार्यवाही को देखें लॉ के विद्यार्थी : डॉ अंशुमान

पटना लॉ कॉलेज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आइक्यूएसी ) द्वारा प्रो केदार नाथ पोद्दार मेमोरियल स्काॅलरशिप कार्यक्रम आयोजित किया गया.

संवाददाता, पटना

पटना लॉ कॉलेज में आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आइक्यूएसी ) द्वारा प्रो केदार नाथ पोद्दार मेमोरियल स्काॅलरशिप कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश डॉ अंशुमान, पटना विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो नमिता सिंह, डीन प्रो अनिल कुमार, प्रो केदार नाथ पोद्दार मेमोरियल स्कॉलरशिप के संस्थापक सुशील पोद्दार और कॉलेज के प्राचार्य प्रो योगेंद्र कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से किया. मुख्य अतिथि डॉ अंशुमान ने डॉ केदार नाथ पोद्दार से अपने निकट संबंधों को स्मरण करते हुए स्वयं को उनका ”” सोल चाइल्ड ”” कहा. उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षकों द्वारा विशेष रूप से विधि जैसे व्यापक विषय में छात्रों को मार्गदर्शन देने के लिए आग्रह किया. उन्होंने छात्रों से कहा कि वे नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहें और छुट्टी के समय न्यायालय की कार्यवाही को देखें. इससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा और वे अपनी विधिक कुशलता को मजबूत कर एक सफल करियर बना सकेंगे. वहीं विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो नमिता सिंह ने विद्यार्थियों को प्रो केदार नाथ पोद्दार के जीवन से सीख लेने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि कुलपति बनने के बाद वे पहली बार लॉ कॉलेज आयी हैं. कुलपति ने कहा कि छात्र नियमित रूप से कक्षा में जरूर में शामिल हों. यहां के छात्र लॉ की पढ़ाई कर पटना हाइकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट में सेवा दे चुके हैं. कार्यक्रम में सुशील पोद्दार ने कहा कि उनके पिता विद्यार्थियों से विशेष लगाव रखते थे और अपने अंतिम दिनों में भी पटना लॉ कॉलेज के विद्यार्थियों को अकादमिक रूप से मार्गदर्शन देने की इच्छा व्यक्त करते थे. यह स्कॉलरशिप योजना उनके नाम पर इसीलिए स्थापित की गयी, ताकि वे सदैव विद्यार्थियों के हृदय में जीवित रहें. मौके पर प्रथम वर्ष, द्वितीय वर्ष और तृतीय वर्ष के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र और चेक प्रदान किया गया. छात्रवृत्ति लेने वाले में छात्र नवीन कुमार प्रसाद, जिया, रीना कुमारी, उर्मिलेश वत्सा शामिल हैं. कार्यक्रम का संचालन डॉ रुचि सिंह ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ बीरेंद्र कुमार ने किया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMBER MD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >