पटना में चार कट्ठा जमीन के विवाद में चली ताबड़तोड़ गोलियां, चार आरोपी गिरफ्तार

Patna Crime: गौरीचक के नंदाचक गांव में महज चार कट्ठा जमीन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दोनों पक्षों में जमकर मारपीट और फायरिंग हुई, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

Patna Crime: गौरीचक थाना क्षेत्र के नंदाचक गांव में शनिवार को महज चार कट्ठा जमीन को लेकर ऐसा बवाल मचा कि पूरा गांव गोलियों की आवाज से गूंज उठा. जमीन पर कब्जे के विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और मारपीट हुई, फिर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई. हालांकि राहत की बात यह रही कि गोलीबारी में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.

फायरिंग से गांव में फैली दहशत

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया और लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए. स्थानीय लोगों के अनुसार चार कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गया.

पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

गोली चलने की सूचना मिलते ही गौरीचक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया. कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुकेश कुमार, चंदन कुमार, मिथिलेश कुमार और प्रदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.

दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रंजन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच मारपीट और फायरिंग की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने गौरीचक थाना में एक-दूसरे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और फायरिंग करने का आरोप लगाया है.

जमीन पर कब्जे को लेकर था विवाद

ग्रामीणों के अनुसार एक पक्ष का दावा है कि वह कई दशकों से उक्त जमीन पर काबिज है, जबकि दूसरे पक्ष पर जबरन पिलर गाड़कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है. इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला हिंसक हो गया.

गांव में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >