Khan Sir FIR: पटना में खान सर की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है. कदमकुआं थाने में फैसल खान उर्फ खान सर के खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, खान सर के दोनों गार्डों ने पूछताछ में दावा किया है कि उन्हें गोली चलाने के लिए कहा गया था और बाकी स्थिति संभाल लेने की बात कही गई थी. इसी बयान के आधार पर पुलिस ने खान सर को नामजद करते हुए FIR दर्ज की है.
पुलिस ने क्या अपील की
यह मामला BNS की धारा 109 के तहत दर्ज किया गया है. इस धारा में दोष साबित होने पर 10 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है. पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है.
FIR दर्ज होने के बाद खान सर की कोचिंग पर उनके वकील पहुंचे. कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए IG कार्यालय में पुलिस अधिकारियों की हाई लेवल बैठक भी हुई. पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह या भड़कावे में न आएं.
क्या बोले खान सर
दूसरी तरफ खान सर ने कहा कि उन्हें FIR की पूरी जानकारी नहीं है, लेकिन वे जांच में पूरा सहयोग करेंगे. उन्होंने कहा कि गार्डों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी और इस मामले की जांच सुरक्षा एजेंसी भी करेगी.
2 जून 2026 की रात पटना स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में कुछ लोगों ने हमला किया था. घटना के दौरान बॉडीगार्ड्स की ओर से फायरिंग किए जाने का वीडियो भी सामने आया था, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.
दोनों बॉडीगार्ड जेल में
इस मामले में पुलिस पहले ही दोनों बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. साथ ही खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है. अब पुलिस के बयान पर दर्ज नई FIR में उन्हें भी आरोपी बनाया गया है.
घटना के बाद शुरुआती दिनों में खान सर ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की थी, लेकिन अब उनका कहना है कि पुलिस मौके पर पहुंचने में देर से पहुंची. उन्होंने कहा कि जब तक पुलिस नहीं आई, तब तक गार्डों ने लोगों की सुरक्षा के लिए कदम उठाया.
खान सर ने सवाल उठाते हुए कहा कि सुरक्षा गार्डों को इसी मकसद से रखा जाता है कि जरूरत पड़ने पर वे लोगों की रक्षा कर सकें. उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली नहीं चलाई गई थी.
इस बीच खान सर का एक नया वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में वह छात्रों को कोचिंग परिसर में हुए हमले की जानकारी देते नजर आ रहे हैं. वह सीसीटीवी फुटेज दिखाते हुए दावा कर रहे हैं कि गार्ड को ले जाने वाले लोगों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है और असली मुद्दे से ध्यान भटकाया जा रहा है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
20 से 25 लोगों ने गार्ड की पिटाई की थी
क्लासरूम में छात्रों को संबोधित करते हुए खान सर ने कहा कि यदि खान ग्लोबल स्टडीज बंद हो गया तो अगले छह महीनों में कई कोचिंग संस्थानों की फीस एक लाख से डेढ़ लाख रुपये तक पहुंच सकती है. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ पैसा कमाना नहीं है.
वीडियो में उन्होंने यह भी कहा कि कोचिंग के गार्ड के साथ सड़कों पर बेरहमी से मारपीट की गई थी. उनके अनुसार 20 से 25 लोगों ने गार्ड की पिटाई की थी. छात्रों के बीच बातचीत के दौरान उन्होंने फीस कम करने की बात भी दोहराई.
खान सर ने एक किताब हाथ में लेकर कहा कि जिस दिन घटना हुई, उस दिन फायरिंग जरूर हुई थी. फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें: ‘खड़े होकर क्या कर रहे, गोली चलाओ’, खान सर के आदेश पर बॉडीगार्ड्स ने दागी गोलियां
क्या बोले एसएसपी
खान सर के खिलाफ FIR दर्ज होने के बाद पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है और अब तक जो तथ्य सामने आए हैं. फायरिंग में इस्तेमाल हथियारों को जांच के लिए FSL भेजा गया है. उन्होंने बताया कि वीडियो में फायरिंग करते दिख रहे लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और आगे जांच में जो भी सबूत सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी. बॉडीगार्ड्स द्वारा खान सर के कहने पर गोली चलाने के दावे को लेकर एसएसपी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई केवल उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर ही की जाएगी.
कोचिंग की छुट्टी होने के बाद पटना पुलिस खान सर पर कस सकती है शिकंजा, प्रशासन ने की ये अपील
