‘खड़े होकर क्या कर रहे, गोली चलाओ’, खान सर के आदेश पर बॉडीगार्ड्स ने दागी गोलियां, FIR कॉपी में क्या-क्या?

Khan Sir Coaching Firing: खान ग्लोबल स्टडीज कोचिंग पर पथराव के बाद हवाई फायरिंग करने के आरोप में खान सर के दो बॉडीगार्ड्स को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस अधिकारी अनिल कुमार के बयान पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, खान सर के कहने पर ही गार्ड्स ने गोलियां चलाई थीं.

Khan Sir Coaching Firing: फैजल खान उर्फ खान सर अब कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं. कोचिंग संस्थान के बाहर हुई फायरिंग और हंगामे की घटना के बाद पटना पुलिस ने उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़ी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है. FIR में कहा गया है, “खान सर ने बॉडीगार्ड्स को कहा था कि खड़े होकर क्या कर रहे, गोली चलाओ, जो होगा मैं देख लूंगा.”

2 जून की रात खान ग्लोबल स्टडीज के बाहर हंगामा हुआ था. इस दौरान दो सुरक्षा गार्डों द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो सामने आया था. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने खान सर को भी मामले में आरोपी बनाया है.

Fir की कॉपी

पुलिस अधिकारी के बयान के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि जांच के दौरान कई तथ्य सामने आए हैं. कदमकुआं थाना के पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार के बयान को आधार बनाकर मामला दर्ज किया गया है. केस में यह आरोप भी शामिल किया गया है कि घटना के समय खान सर मौके पर मौजूद थे और सुरक्षा गार्डों की कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए गए हैं. इन आरोपों की जांच अभी जारी है.

छात्रों के प्रदर्शन के बाद बढ़ा मामला

इस पूरे विवाद ने तब और तूल पकड़ लिया जब ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इससे पहले पुलिस ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को गिरफ्तार कर चुकी थी.

इसके बाद सोशल मीडिया पर फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ और मामला तेजी से चर्चा में आ गया. गुरुवार को पटना के कारगिल चौक पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शन किया. इसके बाद पुलिस पर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया.

पुराने बयान भी बने चर्चा का विषय

घटना की रात खान सर ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि कोचिंग पर हमला करने आए लोगों की तरफ से गोली चलने की बात सामने आई थी. लेकिन अगले दिन उन्होंने कहा कि अफरातफरी के माहौल में उन्हें जो जानकारी मिली थी, उन्होंने उसी आधार पर बात कही थी. अब जांच के दौरान सामने आ रहे तथ्यों और पहले दिए गए बयानों को भी पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है.

मामला दर्ज होने के बाद खान सर फिलहाल अपने कोचिंग संस्थान में नजर नहीं आ रहे हैं. एक टीवी चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा है कि उनके सुरक्षा गार्डों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की थी. खान सर का कहना है कि उस समय माहौल तनावपूर्ण था और गार्डों ने अपनी सुरक्षा को देखते हुए कार्रवाई की. दूसरी तरफ पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाल रही है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

आगे क्या होगा

फिलहाल पुलिस वीडियो, गवाहों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है. आने वाले दिनों में अदालत और जांच एजेंसियों की कार्रवाई इस मामले की दिशा तय करेगी.

इसे भी पढ़ें: बिहार के 4 जिलों की चमकेगी किस्मत, खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, नया ग्रीनफील्ड बाईपास भी बनेगा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Paritosh shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >