Khan Sir Coaching Clash: खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) सेंटर के बाहर हुई पत्थरबाजी और हवाई फायरिंग के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद फैजल खान उर्फ खान सर पर किसी भी समय पटना पुलिस का शिकंजा कस सकता है. सोशल मीडिया और कोचिंग हब में यह चर्चा तेज है कि पुलिस खान सर की गिरफ्तारी के लिए कोचिंग का टाइम खत्म होने का इंतजार कर रही है, ताकि हजारों छात्रों के बीच हंगामा न हो और कानून-व्यवस्था न बिगड़े. इस नाजुक माहौल को देखते हुए पटना पुलिस ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कोचिंग में पढ़ने वाले तमाम छात्र-छात्राओं से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है.
विवाद के बारे में जानिए
इस हिंसक घटना की मुख्य वजह हाल ही में जारी हुआ बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा का रिजल्ट है. रिजल्ट आने के बाद से ही खान सर और उनके प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संस्थान ज्ञान बिंदु एकेडमी के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया था. यह कारोबारी रंजिश मंगलवार की देर रात उस वक्त हिंसक झड़प में बदल गई जब खान सर के कोचिंग सेंटर पर अज्ञात उपद्रवियों ने धावा बोलकर तोड़फोड़ और पथराव कर दिया.
पुलिस ने इस मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की और हमला करने के मुख्य आरोपी व ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
हवाई फायरिंग के वीडियो से बढ़ीं खान सर की मुश्किलें
मामले में नया मोड़ तब आया जब ज्ञान बिंदु एकेडमी की तरफ से बवाल की रात का एक वीडियो जारी किया गया, जिसमें खान सर के दो निजी सुरक्षा गार्ड हवा में फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. पुलिस ने वीडियो की जांच कर दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर लिया और इसी एफआईआर में खान सर को नामजद करते हुए उन पर हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसी गंभीर धाराएं लगा दी हैं.
सिटी एसपी ने साफ कहा है कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था में कोई समझौता नहीं किया जाएगा और पुलिस सबूतों के आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई करेगी. इसके साथ ही उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे कोचिंग सेंटरों की इस आपसी प्रतिस्पर्धा में किसी के बहकावे में न आएं और अपने भविष्य पर ध्यान दें.
इसे भी पढ़ें: ‘खड़े होकर क्या कर रहे, गोली चलाओ’, खान सर के आदेश पर बॉडीगार्ड्स ने दागी गोलियां
