Patna Crime News : रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के ज्योतिष पथ में शुभम राज को गोली मारने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक बाइक, एक पिस्टल, दो कट्टा और चार कारतूस बरामद किये हैं. इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य शूटर मुन्ना कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है.
11 अगस्त की रात मारी गयी थी गोली
पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की रात ज्योतिष पथ में अज्ञात अपराधियों ने शुभम राज को गोली मार दी थी. घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में जुटी थी.
दो आरोपियों की गिरफ्तारी से जांच को मिली दिशा
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गया जिले के गुरारू थाना क्षेत्र के महिमापुर निवासी 23 वर्षीय अभय कुमार और पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर टोला निवासी 24 वर्षीय राहुल कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हथियार और बाइक बरामद की है.
सुपारी देने वाले की पहचान, गिरफ्तारी बाकी
पटना सदर डीएसपी रंजन कुमार ने बताया कि गोलीकांड के लिए सुपारी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गयी है. हालांकि, उसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है. उसके पकड़े जाने के बाद गोलीकांड की पूरी साजिश और घटना के मूल कारण का खुलासा होने की उम्मीद है.
शूटर पहले ही हो चुका है गिरफ्तार
पुलिस इस मामले में मुख्य शूटर मुन्ना कुमार को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है. अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी और हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस गोलीकांड से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
