Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल की खुलकर सराहना की है. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने बड़ी प्रगति की है. मांझी के मुताबिक, जिस राज्य को कभी ‘जंगलराज’ कहा जाता था, आज वही विकास और सुशासन के लिए जाना जा रहा है. उन्होंने कहा कि गृह मंत्री द्वारा नीतीश कुमार के कार्यकाल को बिहार का ‘स्वर्ण युग’ बताना बिल्कुल सही है. इन दो दशकों में राज्य के कई क्षेत्रों में बड़े बदलाव देखने को मिले हैं.
बिजली और सड़कों में बड़ा बदलाव
मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार के शासन में बुनियादी ढांचे में सुधार हुआ है. उन्होंने बिजली व्यवस्था में हुए बदलाव का जिक्र करते हुए बताया कि पहले बिहार में करीब 700 मेगावाट बिजली ही उपलब्ध होती थी. आज राज्य में लगभग 9,000 मेगावाट बिजली की आपूर्ति हो रही है. उन्होंने सड़कों के विकास को भी बड़ी उपलब्धि बताया. मांझी के अनुसार, गया से पटना की दूरी पहले लगभग चार घंटे में तय होती थी. बेहतर सड़कों और कनेक्टिविटी के कारण अब यह सफर करीब डेढ़ घंटे में पूरा हो जाता है.
महिला सशक्तिकरण को बताया बड़ी उपलब्धि
जीतन राम मांझी ने कहा कि नीतीश कुमार ने महिलाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए. उन्होंने बताया कि कभी समाज का बड़ा हिस्सा घर की चारदीवारी तक सीमित था. लेकिन साइकिल योजना, ड्रेस योजना और अन्य पहल से बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा मिला. इन योजनाओं ने लड़कियों को स्कूल तक पहुंचने का रास्ता आसान किया और उनमें आत्मविश्वास भी बढ़ाया. मांझी के अनुसार, किसी भी समाज का विकास महिलाओं की भागीदारी के बिना संभव नहीं है.
चारों संवैधानिक सदनों का हिस्सा बनने की इच्छा
मांझी ने नीतीश कुमार की राजनीतिक यात्रा का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की हमेशा यह इच्छा रही है कि वे लोकतंत्र की चारों प्रमुख संवैधानिक संस्थाओं का हिस्सा बनें. ये संस्थाएं हैं- विधानसभा, विधान परिषद, लोकसभा और राज्यसभा. मांझी ने बताया कि नीतीश कुमार पहले तीन सदनों के सदस्य रह चुके हैं. अब राज्यसभा जाना उनके इस लक्ष्य को पूरा करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है.
बेदाग छवि के साथ लंबा राजनीतिक सफर
मांझी ने अंत में कहा कि 20 वर्षों के लंबे कार्यकाल के बावजूद नीतीश कुमार की छवि साफ-सुथरी रही है. उन पर भ्रष्टाचार या किसी अन्य आरोप का दाग नहीं लगा. मांझी ने कहा कि यह अपने आप में बड़ी बात है कि इतने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बाद भी उनकी छवि बेदाग बनी रही. उन्होंने नीतीश कुमार को उनके राजनीतिक सफर के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनका अनुभव आगे भी देश और राज्य के काम आता रहेगा.
Also Read: नीतीश के बाद अब निशांत, कल 1 बजे JDU जॉइन करेंगे CM के बेटे, संजय झा ने किया ऐलान
