पटना में ज्वेलरी दुकानदार का शव नहर से बरामद, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

Patna News: फुलवारी शरीफ अनुमंडल में रविवार देर रात एक ज्वेलरी दुकानदार का शव नहर से बरामद होने से सनसनी फैल गई. रवि गुप्ता, जो मुरादपुर में रहकर बभनपुरा में दुकान चलाते थे, घर लौटते समय नहर में गिर गए. इस घटना ने इलाके में गहरा रहस्य पैदा कर दिया है.

Patna News: पटना के फुलवारी शरीफ अनुमंडल अंतर्गत जानीपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक ज्वेलरी दुकानदार का शव मुरादपुर गांव के समीप नहर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान रोहतास जिले के मूल निवासी रवि गुप्ता के रूप में हुई है, जो मुरादपुर में रहकर बभनपुरा में ज्वेलरी की दुकान चलाते थे.

दुकान बंद कर घर लौट रहे थे, रास्ते में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, रवि गुप्ता रविवार रात दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे थे. मुरादपुर गांव के पास घर पहुंचने के लिए उन्हें नहर किनारे बने संकरे रास्ते से होकर गुजरना पड़ता था. आशंका है कि इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में गिर गए.

रातभर तलाश के बाद एसडीआरएफ ने बरामद किया शव

देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. रातभर परिजन अनहोनी की आशंका से परेशान रहे. सोमवार सुबह ग्रामीणों की मदद से नहर में खोजबीन शुरू की गई, लेकिन बारिश के कारण नहर में पानी अधिक होने से परेशानी हुई.

सूचना मिलने पर जानीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद एसडीआरएफ की गोताखोर टीम की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया. काफी मशक्कत के बाद रवि गुप्ता का शव नहर से बरामद कर लिया गया.

शव मिलने के बाद परिवार में मचा कोहराम

शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया. नौबतपुर के मोतीपुर स्थित उनकी ससुराल से भी परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए. पूरे इलाके में घटना को लेकर शोक का माहौल है.

पुल नहीं होने से जोखिम भरा है रास्ता

ग्रामीणों ने बताया कि मुरादपुर गांव के समीप नहर पर पुल नहीं है. लोग एक पेड़ के तने के सहारे नहर पार कर आवाजाही करते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह रास्ता हमेशा जोखिम भरा रहता है और पहले भी कई लोग यहां हादसे का शिकार हो चुके हैं. ग्रामीणों ने जल्द पुल निर्माण की मांग की है.

परिजनों ने जताई अनहोनी की आशंका

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया है. इधर, परिजनों ने घटना के पीछे किसी अनहोनी की आशंका जताई है.

पुलिस बोली- हर एंगल से हो रही जांच

जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार ने बताया कि मामले की जांच दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा.

इसे भी पढ़ें: अनंत सिंह और गुंजन सिंह गोपालगंज कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचे, मिली स्थायी जमानत, जानें पूरा केस



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ajit kumar phulwarisharif

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >