Patna robbery: मसौढ़ी के भगवानगंज बाजार स्थित चांदनी अलंकार ज्वेलर्स के संचालक दीपक उर्फ बिक्की सोनी के घर में रविवार देर रात करीब दस हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने बड़ी डकैती की घटना को अंजाम दिया. बदमाशों ने पूरे परिवार को बंधक बनाकर करीब 45 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, महिलाओं के जेवर, दो मोबाइल फोन और एक बाइक लूट ली.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी (पूर्वी) शैलजा, एसडीपीओ-1 राघव दयाल, मसौढ़ी थानाध्यक्ष विवेक भारती और भगवानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है.
सीढ़ी लगाकर घर में घुसे बदमाश
पीड़ित व्यवसायी दीपक उर्फ बिक्की सोनी ने बताया कि रविवार रात करीब 12:30 बजे परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे. इसी दौरान करीब दस हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घर के पीछे सीढ़ी लगाकर अंदर घुस आए. सबसे पहले बदमाशों ने उन्हें कब्जे में लिया और फिर उनकी मां, पत्नी और तीनों बेटियों को एक कमरे में बैठाकर दो बदमाशों की निगरानी में रखा. बदमाशों ने दुकान की चाबी मंगवाने के साथ ही घर में पाले गए लेब्राडोर कुत्ते के मुंह पर कपड़ा बंधवा दिया, ताकि वह भौंक न सके.
250 ग्राम सोना और 15 किलो चांदी के आभूषण लूटे
हथियार के बल पर बदमाशों ने दुकान की अलमारी खुलवाई और उसमें रखे करीब 250 ग्राम सोने तथा 15 किलो चांदी के आभूषण एक झोले में भर लिए. दुकान के गल्ले में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद भी लूट लिए गए. जाते-जाते बदमाश घर की महिलाओं के पहने हुए जेवर, दो मोबाइल फोन और व्यवसायी की बाइक भी अपने साथ ले गए. उन्होंने पूरे परिवार को धमकी दी कि यदि किसी ने शोर मचाया या पुलिस को सूचना दी तो लौटकर पूरे परिवार को जान से मार देंगे.
जहानाबाद से बरामद हुई लूटी गई बाइक
डकैती के दौरान लूटी गई व्यवसायी की बाइक को पुलिस ने बाद में जहानाबाद जिले के कल्पा ओपी क्षेत्र से लगभग दो किलोमीटर आगे सड़क किनारे लावारिस हालत में बरामद कर लिया. बदमाशों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया था, लेकिन आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज पुलिस को मिली है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
पांच वर्ष पहले शुरू की थी ज्वेलर्स की दुकान
दीपक उर्फ बिक्की सोनी भगवानगंज निवासी इंदु सोनी के पुत्र हैं. उन्होंने करीब पांच वर्ष पहले चांदनी अलंकार ज्वेलर्स की स्थापना की थी. दुकान और उनका आवास एक ही भवन में स्थित है, जहां वह अपनी मां, पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहते हैं. एसडीपीओ-1 राघव दयाल ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है. पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं.
