Barh Jeweller Attacked : पटना से सटे बाढ़ थाना क्षेत्र में जेवर दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे दो लोगों ने दुकानदार पर हमला कर दिया. घटना रामायण नगर मोहल्ले की बतायी जा रही है. आरोप है कि जेवर देखने के बाद दुकानदार जैसे ही सामान निकालने के लिए नीचे झुका, एक आरोपी ने हथौड़े से उसके सिर पर लगातार चार वार कर दिए. घायल दुकानदार को पहले अनुमंडल अस्पताल और फिर गंभीर हालत में पटना रेफर किया गया.
ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे दो लोग
घटना बाढ़ थाना क्षेत्र के अस्पताल चौक से सटे रामायण नगर मोहल्ले की बतायी जा रही है. यहां घनी आबादी के बीच दुकानदार दीपक कुमार अपने घर के आगे ही सोना-चांदी की दुकान चलाते हैं. बताया जा रहा है कि दो लोग ग्राहक बनकर दुकान पर पहुंचे थे.
जेवर देखने के बाद ऑनलाइन भुगतान की बात कही
जानकारी के अनुसार, दोनों ने दुकानदार से जेवर दिखाने को कहा. जेवर पसंद करने के बाद आरोपियों ने ऑनलाइन भुगतान करने की बात कही और दुकान के अंदर टेबल पर बैठ गए. इसी दौरान दुकानदार सामान निकालने के लिए नीचे की ओर झुके.
हथौड़ा निकालकर सिर पर किए वार
आरोप है कि दुकानदार के नीचे झुकते ही एक व्यक्ति ने कमर से हथौड़ा निकाला और उसके सिर पर लगातार चार बार हमला कर दिया. हमले में दीपक कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. सिर से खून निकलने के बाद वह शोर मचाने लगे.
परिजन पहुंचे तो आरोपी भाग चुके थे
दुकानदार की आवाज सुनकर घर के परिजन बाहर निकले. हालांकि, तब तक दोनों आरोपी मौके से फरार हो चुके थे. परिजनों ने घायल दीपक कुमार को तत्काल बाढ़ अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.
सिर में लगे कई टांके, पटना रेफर
अनुमंडल अस्पताल में घायल दुकानदार के सिर में कई टांके लगाए गए. चिकित्सकों ने उनकी स्थिति गंभीर बतायी. सीटी स्कैन की जरूरत बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया.
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटायी. दुकान में लगे CCTV कैमरे में घटना कैद होने की बात सामने आयी है. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.
पुलिस की जांच जारी, FIR पर स्थिति स्पष्ट नहीं
मामले में फिलहाल प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी नहीं है. पुलिस की ओर से भी घटना को लेकर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस मौके से मिली जानकारी और CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है.
Also Read : रेलवे से मिली मंजूरी, कोइलवर में सोन नदी पर बनेगा देश का दूसरा चार लेन रेल पुल, एक साथ दौड़ेंगी इतनी ट्रेने
