जेइइ एडवांस्ड के लिए 23 अप्रैल से आवेदन, 17 को परीक्षा
जेइइ एडवांस्ड आवेदन की तिथि जारी कर दी गयी है. इस संबंध में आइआइटी रुड़की ने जेइइ एडवांस्ड 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है.
जेइइ एडवांस्ड के लिए 23 अप्रैल से आवेदन, 17 को परीक्षा
-23 अप्रैल से दो मई तक आवेदन का मिलेगा मौका
-जेइइ मेन के टॉप 2.50 लाख परीक्षार्थी जेइइ एडवांस्ड में होंगे शामिल
संवाददाता, पटना
जेइइ एडवांस्ड आवेदन की तिथि जारी कर दी गयी है. इस संबंध में आइआइटी रुड़की ने जेइइ एडवांस्ड 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. जेइइ एडवांस्ड के लिए विदेशी स्टूडेंट्स के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया छह अप्रैल से शुरू होगी, जबकि भारतीय छात्रों के लिए आवेदन की प्रक्रिया 23 अप्रैल से शुरू की जायेगी. जेइइ मेन के टॉप 2.50 लाख परीक्षार्थी दो मई तक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. परीक्षा 17 मई को दो पालियों में आयोजित की जायेगी. जेइइ एडवांस्ड का एडमिट कार्ड 11 मई को जारी कर दिया जायेगा. एडमिट कार्ड 17 मई तक वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगा. परीक्षा 17 मई को एक ही दिन में दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित की जायेगी. पहला पेपर सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होगा, जबकि दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित किया जायेगा. इस वर्ष परीक्षा का आयोजन आइआइटी रुड़की द्वारा किया जा रहा है.
जेइइ एडवांस्ड में लगातार दो वर्ष तक बैठ सकते हैं
जेइइ एडवांस्ड में केवल वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने जेइइ मेन 2026 के पेपर-1 (बीइ/बीटेक) में टॉप 2.50 लाख रैंक तक स्थान प्राप्त किया हो. इसके अलावा किसी भी उम्मीदवार को जेइइ एडवांस्ड में अधिकतम दो बार बैठने की अनुमति है और ये दोनों प्रयास लगातार दो वर्षों में होने चाहिए. उम्मीदवार का कक्षा 12वीं या समकक्ष परीक्षा में पहली बार 2025 या 2026 में शामिल होना आवश्यक है. उम्मीदवारों के लिए भौतिकी, रसायन और गणित विषय अनिवार्य होने चाहिए. वहीं, जो उम्मीदवार पहले किसी भी आइआइटी में प्रवेश लेने के बाद नामांकन वापस ले चुके हैं, वे जेइइ एडवांस्ड देने के पात्र नहीं होंगे. जेइइ एडवांस्ड 2026 की परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में देशभर के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जायेगी.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.