Ishan Kishan New House: भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर और बल्लेबाज ईशान किशन जल्द ही एमएस धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं. रांची के नगड़ी अंचल स्थित दलादली इलाके में ईशान किशन का नया और भव्य आवासीय प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक ईशान किशन का यह बहुमंजिला भवन धोनी के घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर होगा. यह प्रोजेक्ट रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (RRDA) से मंजूरी मिलने के बाद आगे बढ़ रहा है.
दलादली मौजा में खाता संख्या-1 और प्लॉट संख्या-515 की लगभग 75 डिसमिल जमीन पर यह निर्माण किया जाएगा.
G+10 बिल्डिंग का नक्शा पास, जल्द शुरू होगा निर्माण
RRDA ने इस प्रोजेक्ट के लिए G+10 (11 मंजिला) बिल्डिंग का नक्शा पास कर दिया है. इसमें दो फ्लोर व्यवसायिक उपयोग के लिए होंगे, जबकि बाकी आठ फ्लोर पर रहने के लिए फ्लैट बनाए जाएंगे. यह पूरी सोसाइटी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी और इसे लग्जरी प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया जा रहा है.
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी पूरी सोसाइटी
प्रोजेक्ट में ओपन स्पेस के साथ कई सुविधाएं शामिल की गई हैं, जैसे-
- प्लेग्राउंड और इंडोर गेम्स
- स्विमिंग पूल और जिम
- गेस्ट हाउस और कम्युनिटी हॉल
- गार्डन एरिया
- सैलून-पार्लर
- मेडिकल स्टोर और डिपार्टमेंटल स्टोर
इसके अलावा फ्रंट लुक और ओपन स्पेस पर भी विशेष ध्यान दिया गया है.
2022 में हुआ था भूमि पूजन
इस प्रोजेक्ट का भूमि पूजन दिसंबर 2022 में किया गया था. ईशान किशन ने उस समय इस जमीन पर ‘शगुन ईशान इंफ्रा’ नाम की कंपनी के तहत परियोजना की शुरुआत की थी. भूमि पूजन के दौरान ही यह तय माना जा रहा था कि उनका नया घर रांची में धोनी के बगल में बनेगा.
इलाके में तेजी से बढ़े जमीन के दाम
धोनी के फार्म हाउस के बाद से ही दलादली और रिंग रोड क्षेत्र की लोकप्रियता बढ़ गई थी. अब ईशान किशन के इस प्रोजेक्ट के बाद यह इलाका तेजी से प्रीमियम रियल एस्टेट हब बनता जा रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक मुख्य सड़क किनारे प्लॉट लगभग खत्म हो चुके हैं, जबकि अंदरूनी इलाकों में भी जमीन की कीमतें 10 लाख रुपये प्रति डिसमिल से ऊपर पहुंच गई हैं.
Also Read: CM सम्राट ने किया राजगीर मलमास मेले का उद्घाटन, 22 कुंड और 52 धाराओं में तीन शाही स्नान का महायोग
