Patna Police Outpost: अमहारा थाना क्षेत्र के लई बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को लई बाजार चौक पर नवनिर्मित पुलिस आउटपोस्ट (ओपी) का उद्घाटन किया गया. अमहारा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रौशन कुमार राज ने फीता काटकर ओपी का शुभारंभ किया.
अपराध पर रहेगी कड़ी नजर
उद्घाटन के मौके पर थाना प्रभारी रौशन कुमार राज ने कहा कि नए पुलिस ओपी के शुरू होने से क्षेत्र में पुलिस की निगरानी बढ़ेगी, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण होगा और किसी भी आपात स्थिति में लोगों को पहले से अधिक तेजी से पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी.
एसआई आयुष को मिली ओपी की जिम्मेदारी
समारोह के दौरान नवपदस्थापित ओपी प्रभारी एसआई आयुष को औपचारिक रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई. थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस आपसी समन्वय के साथ अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा. उन्होंने लोगों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील भी की.
सुरक्षा होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
नवनियुक्त ओपी प्रभारी एसआई आयुष ने कहा कि क्षेत्रवासियों की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी. अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी. लोगों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन कर सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा.
स्थानीय लोगों ने किया स्वागत
उद्घाटन समारोह में एसआई अमित कुमार, एसआई प्रतीक्षा कुमारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे. स्थानीय लोगों ने लई बाजार में पुलिस आउटपोस्ट की स्थापना का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा पुलिस की त्वरित पहुंच से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ेगा.
Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
