Patna Police Headquarters : (अजीत की रिपोर्ट) राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार एक निजी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी वीआईपी वाहनों से जा टकराई. इस दुर्घटना में कई पुलिस अधिकारियों की गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि कार चालक भी घायल हो गया.
घटना पटेल भवन के सामने की है, जहां पुलिस मुख्यालय के बाहर अधिकारियों की गाड़ियां खड़ी थीं. इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से आकर कई वाहनों में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
Patna Police : सार्जेंट मेजर की गाड़ी को सबसे ज्यादा नुकसान
लोगों के अनुसार, इस हादसे में सबसे ज्यादा नुकसान सार्जेंट मेजर, पटना की सरकारी गाड़ी को हुआ है. टक्कर के बाद वाहन का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका एक पहिया भी पंचर हो गया. इसके अलावा आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है.
हादसे के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत सक्रिय हुए और स्थिति को संभालने में जुट गए. क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य किया गया.
Police Headquarters : चालक घायल, प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया
इस दुर्घटना में कार चालक को भी चोटें आई हैं. जानकारी के अनुसार उसके नाक और मुंह में चोट लगी है. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया.
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा किन कारणों से हुआ और कहीं इसमें लापरवाही या तकनीकी खराबी तो जिम्मेदार नहीं है.
फिलहाल इस घटना के बाद सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी.
