संवाददाता,पटना वसंत आने का असर विधानसभा में दिखने लगा है. विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने हंगामा के माहौल को हंसी में बदलने के लिए माले विधायक महबूब आलम के नाम का सहारा लिया. महबूब आलम अक्सर विधानसभा में सबसे पहले हंगामा करते हुए वेल में पहुंच जाते हैं. अपने स्वभाव के अनुसार गुरुवार को भी महबूब आलम वेल में जाकर हंगामा करने लगे. उनके स्वाभाव को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने चुटकी ली और कहा महबूब साहब जब आप बार-बार इस तरह का आचरण करते हैं, तो आपको देखकर एक बात ध्यान में आता है. आप जिस तरह से लड़ाई करते रहते हैं. आपके नाम के आगे एक पाई (आकार की मात्रा) और खींच देते, तो आपका नाम महबूब की जगह महबूबा हो जाता और तीन तलाक मिल जाता. मंत्री जी आप अपने को विधायक ही मान लेते हैं विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव पूरे सदन की कार्यवाही को एक अभिभावक की तर्ज पर संचालित करते हैं. वे न सिर्फ विधायकों को, बल्कि सरकार के नये मंत्रियों को भी सदन में बात रखने का सलीका सीखाते हैं. ऐसा ही नजारा गुरुवार को राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी के जवाब के समय देखने को मिला. राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री प्रश्नकाल में एक सदस्य के जवाब देते हुए मंत्री कह दिया. उन्होंने अपने जवाब में सदस्य को मंत्री कहकर संबोधित किया . बस क्या था विधानसभा अध्यक्ष ने उनको याद दिलाया कि कभी-कभी आप अपने को विधायक ही मान लेते हैं. आपको एक-दो दिन समय और लगेगा. इस पर मंत्री संजय सरावगी ने भी स्वीकार किया कि जी थोड़ा समय लगेगा और ठीक हो जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
