पटना: कोर्ट केस के खर्च से परेशान पति ने मायके पहुंचकर पत्नी को मारी गोली, ग्रामीणों ने दबोचा

पटना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कोर्ट केस के खर्च से परेशान एक पति ने अपने ससुराल पहुंचकर पत्नी पर गोली चला दी. आरोपी पति को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया.

Patna Crime News : मसौढ़ी न्यायालय में चल रहे वैवाहिक विवाद और मुकदमे के खर्च से परेशान एक पति ने अपने ससुराल पहुंचकर पत्नी को गोली मार दी. गोली महिला के हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गई. घटना के बाद भाग रहे आरोपी पति को ग्रामीणों ने पुलिस के सहयोग से पकड़ लिया. उसके पास से देसी कट्टा बरामद किया गया है. पुलिस ने आरोपी की बाइक और मोबाइल भी जब्त कर लिया है.

मायके पहुंचकर पत्नी पर चलाई गोली

घटना पुनपुन के पिपरा थाना क्षेत्र के नेवा गांव की है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान पिपलावां थाना क्षेत्र के बेला तरारी निवासी सुरेंद्र वर्मा के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई है. घायल महिला की पहचान रंजू कुमारी के रूप में हुई है, जो अपने मायके नेवा में रह रही थी.

बताया जाता है कि रंजू और सूरज की शादी वर्ष 2021 में हुई थी. शादी के बाद दोनों के संबंध ठीक नहीं रहे. विवाद बढ़ने के बाद मामला न्यायालय तक पहुंच गया और दोनों के बीच वैवाहिक विवाद से संबंधित मुकदमा चल रहा था.

आरोपी ने कर ली थी दूसरी शादी

पुलिस के अनुसार, सूरज कुमार ने बाद में औरंगाबाद में दूसरी शादी कर ली और फिलहाल दूसरी पत्नी के साथ रह रहा था. वहीं पहली पत्नी रंजू से संबंधित मामला न्यायालय में चल रहा था. बताया जाता है कि कोर्ट की तारीखों और मुकदमे के खर्च को लेकर सूरज परेशान था.

इसी सिलसिले में वह सोमवार को नेवा स्थित अपने ससुराल पहुंचा. घर में पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ. कहासुनी बढ़ने पर सूरज ने देसी कट्टे से रंजू पर गोली चला दी. गोली उसके हाथ में लगी, जिससे वह घायल हो गई.

गोली चलने के बाद भागने लगा आरोपी

गोली चलने के बाद सूरज मौके से भागने लगा. गोली की आवाज और शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए. ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस के सहयोग से भाग रहे आरोपी को पकड़ लिया.

कट्टा, बाइक और मोबाइल जब्त

पिपरा थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि घायल रंजू कुमारी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी पति सूरज कुमार को गिरफ्तार किया गया है. उसके पास से देसी कट्टा बरामद किया गया है. उसकी बाइक और मोबाइल भी जब्त कर लिया गया है. पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. घायल रंजू कुमारी का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अजय कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >