मकान मालकिन ने किरायेदार के घर से उड़ाये 25 लाख के गहने

हनुमान नगर की रहने वाली बुजुर्ग इंदुबाला मंडल के फ्लैट से मकान मालकिन, बेटी और नितिनी ने मिलकर 25 लाख रुपये के गहने और 4 लाख कैश की चोरी कर ली.

पटना:

पत्रकार नगर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर की रहने वाली बुजुर्ग इंदुबाला मंडल के फ्लैट से मकान मालकिन, बेटी और नितिनी ने मिलकर 25 लाख रुपये के गहने और 4 लाख कैश की चोरी कर ली. कई महीनों से चल रही इस चोरी का खुलासा तब हुआ, जब इंदुबाला की बेटी ने शक होने पर फ्लैट में स्पाइ कैमरा लगा दिया. फुटेज सामने आने के बाद पत्रकार नगर पुलिस ने मकान मालकिन, उसकी बेटी और नतिनी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने तीनों आरोपितों के कब्जे से 700 ग्राम सोने के गहने, 50 ग्राम हीरे जड़ी ज्वेलरी, 500 ग्राम चांदी के सिक्के और 5 लाख नकद बरामद किये हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 70 लाख रुपये बतायी गयी है. इंदुबाला मंडल अपने पति के साथ राजीव रंजन के मकान में कई वर्षों से किराए पर रहती थीं. जब भी वह घर से बाहर जातीं, चाबी मकान मालकिन को दे देतीं. इसी भरोसे का फायदा उठाकर मकान मालकिन अपनी बेटी और नतिनी के साथ मिलकर घर की तिजोरी खंगालती रही. मिली जानकारी के अनुसार इंदुबाला मंडल के परिवार में एक दामाद जज, दूसरा एसडीपीओ और तीसरा अधिवक्ता हैं.

डुप्लीकेट चाबी बनवाकर जारी रखी चोरी

जब इंदुबाला की बेटी को अचानक गहनों में कमी दिखी तो उसने फ्लैट में स्पाइ कैमरा लगा दिया और चाबी देना बंद कर दिया. इसके बाद भी चोरी जारी रही, मकान मालकिन ने डुप्लीकेट चाबी बनवा ली थी. कैमरे के फुटेज में साफ दिख गया कि चोरी घर के ही अंदर से हो रही है. शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया. एसडीपीओ वन सदर अभिनव ने बताया कि बरामद गहनों में कुछ सामान आरोपित महिला का भी होने का दावा किया गया है, जिसके लिए उनसे खरीद रसीद मांगी गयी है. जांच में यह बात सामने आयी कि आरोपित महिला ने चोरी किए गए कई गहनों को बेच दिया, जबकि कुछ को बदलकर नयी ज्वेलरी खरीद ली. बरामद नकदी और गहनों को लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar prabhat

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >