Greenfield Corridor: पटना-गया-डोभी एनएच को ‘ग्रीन कॉरीडोर’ के रूप में विकसित किया जाएगा. इसे लेकर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रमोद कुमार ने खासतौर से निर्देश दिया है. वे विभागीय पदाधिकारियों के साथ इस मुद्दे पर समीक्षा बैठक कर रहे थे. विभाग के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के तहत सड़क के दोनों किनारे बड़े पैमाने पर फलदार पौधे लगाये जायेंगे.
इतने हजार लगाए जायेंगे पेड़
जानकारी के मुताबिक, साल 2026-27 से 2028-29 तक गयाजी वन प्रमंडल के अंतर्गत 65 किलोमीटर के क्षेत्र में लगभग 21 हजार 500 पौधे लगाने की योजना है. इसे लेकर किसानों को खासतौर पर ट्रेनिंग दी जाएगी. इस दौरान बीज और पौधों को सही तरीके से कैसे लगाया जाए, इसके बारे में बताया जाएगा. साथ ही पौधों की देखभाल और उससे होने वाले आर्थिक लाभ को लेकर भी जानकारी दी जाएगी.
मंत्री प्रमोद कुमार ने दिया ये आदेश
किसानों को इसके लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी. वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री प्रमोद कुमार ने सभी पदाधिकारियों को क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ जगहों का निरीक्षण करने का आदेश भी दिया है. इस काम के लिए हरियाली मिशन के निदेशक को नोडल पदाधिकारी के तौर पर नामित किया गया है. ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के बनने से खूबसूरती के साथ-साथ पर्यावरण की सुरक्षा भी की जा सकेगी.
19 मार्च को की जाएगी बैठक
जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च को एक बैठक होगी. इस बैठक में हरियाली के क्षेत्र में काम करने वाले सभी स्वयंसेवी संस्थानों के सदस्य मौजूद रहेंगे. बैठक में बातचीत के दौरान उनसे कॉरिडोर को तैयार करने को लेकर सुझाव लिए जाएंगे. योजना की माने तो, लगभग 5 किलोमीटर के दायरे में फलदार पेड़ लगाए जायेंगे. इनमें अमरूद, लीची, बेल, नींबू, आम, कटहल, सहजन, बरगद, पीपल, नीम, आंवला समेत अन्य फलों के पेड़ लगाए जायेंगे.
Also Read: पटना के इस इलाके की फोरलेन रोड से बदलेगी तस्वीर, 330.24 करोड़ रुपए किए जायेंगे खर्च
