पटना से मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट
Ganga Vihar Cruise Price: राजधानी पटना में गंगा विहार क्रूज सेवा एक नए स्वरूप में शुरू की गई है. अब लोग गंगा नदी के बीचोंबीच डेढ़ घंटे तक क्रूज की सैर के साथ अनलिमिटेड बुफे का मजा ले सकेंगे. बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से संचालित यह सेवा हर शनिवार और रविवार को गांधी घाट से चलेगी, जबकि अन्य दिनों में क्रूज को फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के रूप में संचालित किया जाएगा.
65 पर्यटकों के लिए होगी व्यवस्था
दो फ्लोर के इस क्रूज में एक साथ 65 पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था है. निचले फ्लोर पर एयर कंडीशन्ड डाइनिंग एरिया बनाया गया है, जबकि ऊपरी फ्लोर पर ओपन स्काई डेक और डांस फ्लोर की सुविधा दी गई है. क्रूज का संचालन अब लेनिन डिलक्स क्रूज कंपनी के जिम्मे होगा.
मेन्यू में ये सभी डिश होंगे शामिल
क्रूज की यात्रा शाम पांच बजे गांधी घाट से शुरू होगी और शाम साढ़े छह बजे समाप्त होगी. प्रति व्यक्ति किराया 899 रुपये निर्धारित किया गया है. इस रेट में मॉकटेल, वेज सूप, दही बड़ा, वेज सैंडविच, पाव भाजी, नूडल्स, चिकन चिली और मिल्क केक समेत कई खाद्य पदार्थों का अनलिमिटेड बुफे शामिल है. इसके अलावा चाय और कॉफी भी अनलिमिटेड उपलब्ध रहेगी.
एयर कंडीशन्ड कमरे में बिता सकेंगे क्वालिटी टाइम
क्रूज के मैनेजर अली ने बताया कि जहाज के संचालन के लिए अत्याधुनिक पायलट रूम बनाया गया है. सुरक्षा के लिए पूरे क्रूज में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. यात्रियों के मनोरंजन के लिए टीवी की व्यवस्था भी की गई है. क्रूज में एक एयर कंडीशन्ड कमरा भी उपलब्ध है, जिसकी बुकिंग 4000 रुपये में की जा सकती है.
ग्रुप और निजी आयोजनों के लिए स्पेशल पैकेज
ग्रुप और निजी आयोजनों के लिए विशेष पैकेज भी तैयार किए गए हैं. इसके अलावा बिहार के डीपीआईआईटी से मान्यता प्राप्त स्टार्टअप कंपनियों को बैठक आयोजित करने के लिए क्रूज पर फ्री स्थान उपलब्ध कराया जाएगा. यात्रा के दौरान पर्यटक गंगा आरती, रिकॉर्डेड संगीत और पटना की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी जानकारियों का भी आनंद ले सकेंगे.
Also Read: बिहार में पंचायत चुनाव को लेकर बढ़ी दावा-आपत्ति की तारीख, इन दिन आएगा फाइनल गजट
