दानापुर दियारा के लोगों को 2 अगस्त से मिलेगी मुफ्त स्टीमर सेवा, नासरीगंज घाट से पानापुर घाट तक होगा परिचालन

दानापुर दियारा क्षेत्र के लोगों के लिए 2 अगस्त से एक बड़ी सौगात मिलने जा रही है. नासरीगंज घाट से पानापुर घाट तक मुफ्त स्टीमर सेवा की शुरुआत होगी. यह सेवा लोगों के सुरक्षित और सुगम आवागमन को सुनिश्चित करेगी.

Patna Free Steamer Service: दानापुर दियारा क्षेत्र के लोगों को 2 अगस्त से मुफ्त स्टीमर सेवा की सौगात मिलने जा रही है. शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव ने नासरीगंज घाट पर खड़ी स्टीमर सेवा का निरीक्षण किया. इस दौरान अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अनिरुद्ध पांडेय भी मौजूद रहे.

तकनीकी खराबी दूर होने के बाद शुरू होगी सेवा

मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकार ने दियारा क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए यह व्यवस्था की है. उन्होंने कहा कि पिछले दो सप्ताह से स्टीमर घाट पर खड़ी थी, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण सेवा शुरू नहीं हो सकी थी. जर्मनी से आवश्यक पार्ट्स मंगाकर मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया गया है.

उन्होंने बताया कि शनिवार को स्टीमर का ट्रायल किया जाएगा और रविवार से नियमित परिचालन शुरू कर दिया जाएगा. इससे दियारा क्षेत्र के लोगों, शिक्षकों और अन्य यात्रियों को सुरक्षित एवं नि:शुल्क जल परिवहन सुविधा मिल सकेगी.

नासरीगंज से पानापुर घाट तक चलेगी स्टीमर

नासरीगंज फक्कर महतो घाट पर खड़ी ‘गंगा वन’ स्टीमर के माध्यम से नासरीगंज घाट से पानापुर घाट तक नियमित परिचालन किया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि लोगों की जरूरत के अनुसार समय-सारिणी में बदलाव भी किया जा सकता है.

तीन विभागों के समन्वय से होगी व्यवस्था

इस नि:शुल्क जल परिवहन सेवा के संचालन में बिहार राज्य पुल निर्माण निगम, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) और पटना जिला प्रशासन संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं. अधिकारियों का कहना है कि दियारा क्षेत्र के हजारों लोगों को इससे सुरक्षित और सुगम आवागमन का विकल्प मिलेगा.

एक बार में 200 यात्री कर सकेंगे सफर

‘गंगा वन’ स्टीमर की क्षमता काफी बेहतर है. एक फेरे में करीब 200 यात्री यात्रा कर सकेंगे. इसके अलावा लगभग 25 मोटरसाइकिल और साइकिल भी एक साथ नदी पार कराई जा सकेंगी. यात्रियों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त लाइफ जैकेट की व्यवस्था की गई है तथा पुलिस बल की भी तैनाती रहेगी.

शिक्षकों और ग्रामीणों ने जताई खुशी

बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ ने स्टीमर सेवा शुरू किए जाने पर मंत्री रामकृपाल यादव, जिला प्रशासन और एसडीओ को बधाई दी है. संघ के अनोज कुमार सहित अन्य शिक्षकों ने कहा कि गंगा में बढ़ते जलस्तर और तेज धारा के बीच नाव से सफर करना जोखिम भरा था, ऐसे में स्टीमर सेवा बड़ी राहत साबित होगी.

दियारा वासियों ने सरकार का जताया आभार

स्टीमर सेवा बहाल होने की खबर से दियारा क्षेत्र में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री और एनडीए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया. ग्रामीणों का कहना है कि इस सेवा से उनका सफर अधिक सुरक्षित होगा और समय तथा पैसे दोनों की बचत होगी.

क्या बोले एसडीओ

अनुमंडल पदाधिकारी अनिरुद्ध पांडेय ने बताया कि स्टीमर का उपकरण खराब हो गया था, जिसे जर्मनी से मंगाए गए पार्ट्स के जरिए बदला गया है. उन्होंने कहा कि शनिवार को ट्रायल किया जाएगा और रविवार से नियमित सेवा शुरू कर दी जाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nitish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >