Free Medical Check-up Camp : पटना जिले के राम नगरी कॉलोनी सेक्टर-2 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) और अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, मस्तीचक, सारण के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में राम नगरी कॉलोनी के अलावा पटना के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे करीब 200 लोगों ने हिस्सा लिया. सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले शिविर में लोगों को बिना किसी शुल्क के बुनियादी नेत्र जांच और दृष्टि परीक्षण की सुविधा उपलब्ध करायी गयी.
कई तरह की हुई नेत्र जांच
शिविर में टॉर्च जांच, दृष्टि तीक्ष्णता परीक्षण (Visual Acuity Test), ऑटो-रिफ्रैक्टोमीटर जांच, स्लिट लैंप जांच, प्राथमिक नेत्र परीक्षण और आंखों से जुड़ी सामान्य समस्याओं की स्क्रीनिंग की गयी. विभिन्न प्रकार की नेत्र जांच के लिए मौके पर हाई-टेक विजन वैन (मोबाइल आई क्लिनिक) भी उपलब्ध रही. जांच के दौरान जिन लोगों को आगे विस्तृत जांच की आवश्यकता पायी गयी, उन्हें उन्नत नेत्र परीक्षण के लिए अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल रेफर किया गया.
2030 तक 1.20 करोड़ नेत्र परीक्षण का लक्ष्य
अस्पताल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विवेक विकास ने बताया कि बिहार से क्योरेबल यानी ठीक होने योग्य अंधापन दूर करना अखंड ज्योति का मुख्य लक्ष्य है. इसी क्रम में 2030 तक 1.20 करोड़ नेत्र परीक्षण और 20 लाख नेत्र सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है. अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल की ओर से पटना के नागरिकों को किदवईपुरी स्थित पटना विजन लाउंज के माध्यम से प्रीमियम ओपीडी की सुविधा भी दी जा रही है.
उन्होंने बताया कि सर्जरी की आवश्यकता वाले मरीजों को पटना स्थित उनके आवास से मस्तीचक स्थित मुख्य अस्पताल तक आने-जाने के लिए नि:शुल्क वाहन सुविधा और भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है.
चार महीने में कई सामुदायिक पहल
RWA के सचिव अंजनी शर्मा ने कहा कि नेत्र जांच शिविर कॉलोनी के निवासियों के जीवन को बेहतर बनाने की दिशा में किये जा रहे व्यापक प्रयासों का हिस्सा है. उन्होंने बताया कि पिछले चार महीनों में एसोसिएशन ने निवासियों के दैनिक जीवन को बेहतर बनाने के लिए कई पहल की हैं. दोनों लेन में प्रत्येक घर पर मकान संख्या प्लेट लगायी गयी हैं और कॉलोनी का साइनबोर्ड लगाया गया है. क्षतिग्रस्त मैनहोल के ढक्कनों की मरम्मत करायी गयी है. जिन घरों में पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन नहीं था, वहां नये कनेक्शन उपलब्ध कराने में मदद की गयी है. इसके अलावा नयी स्ट्रीट लाइटें लगवाने के साथ नियमित सड़क सफाई और मच्छररोधी फॉगिंग की व्यवस्था की गयी है.
RWA के प्रति बढ़ते भरोसे का संकेत
शिविर के मेजबान और वरिष्ठ अधिवक्ता एम. पी. दीक्षित ने कहा कि शिविर में लोगों की उत्साहजनक भागीदारी RWA के प्रति निवासियों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है. उन्होंने कहा कि महज चार महीनों में RWA ने सामूहिक प्रयास से पड़ोस में ठोस और दिखाई देने वाला बदलाव लाने का प्रयास किया है. उन्होंने कहा कि इस यात्रा की खास बात यह है कि हर पहल स्वयं निवासियों की ओर से आयी है.
मई में गठित वर्किंग कमेटी के तत्वावधान में आयोजन
यह शिविर मई 2026 में गठित RWA की वर्किंग कमेटी के तत्वावधान में आयोजित किया गया. शिविर में अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल के डॉ. अहमद अली, पायल फिरदौस, पूजा सिंह, शिवानी सिंह, प्रिया पांडे, पिंटू कुमार, निखिल, राधा और चंदन के अलावा रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के जगदीश उपाध्याय, हरेराम पांडेय, अरुण सिंह, शैलेश कुमार आदि मौजूद रहे.
