Barh Four Friends Dies During Non-Veg Party : पटना जिले के बाढ़ के बेढ़ना गांव में कथित जहरीले पेय पदार्थ पीने से चार लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पटना के ग्रामीण इलाकों में भी छापेमारी कर 42 लोगों को गिरफ्तार किए जाने की सूचना है. चारों की मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
एक साथ उठी चार दोस्तों की अर्थी, गांव में पसरा मातम
चार लोगों की मौत के बाद सोमवार को पूरा बेढ़ना गांव गम में डूबा रहा. एक साथ चारों की अर्थी उठी तो गांव में चीख-पुकार मच गई. किसी ने अपना भाई खोया तो किसी के सिर से पिता का साया उठ गया. किसी का सुहाग उजड़ गया तो किसी की गोद सूनी हो गई. बाढ़ के सती स्थान गंगा घाट पर चारों का एक साथ अंतिम संस्कार किया गया.
मछली की पार्टी के बाद बिगड़ी थी तबीयत
बताया गया कि सावन समाप्त होने के बाद रविवार को पंकज कुमार, शशि कुमार, निशू राज और विकास राम ने साथ में मछली की पार्टी की थी. पार्टी में शराब का भी इंतजाम किया गया था. इसके बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई.
एसडीएम के आदेश पर रविवार देर रात अनुमंडल अस्पताल में डॉक्टर अजय कुमार और डॉक्टर चंदन कुमार की टीम ने चारों शवों का पोस्टमार्टम किया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए. मौत के कारणों की पुष्टि के लिए चारों का बिसरा सुरक्षित रखा गया है.
दो साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
मृतक निशू राज के पिता राजीव सिंह ने बताया कि निशू की शादी चार साल पहले हुई थी. उसका दो साल का बेटा है. निशू की मौत के बाद उसकी पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार अब मासूम बच्चे की देखभाल और भविष्य को लेकर चिंतित है.
पंकज परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था
वहीं मृतक पंकज कुमार के घर में भी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उनकी भतीजी अनु कुमारी ने बताया कि पंकज चार भाइयों में से एक थे और पहले ही दो भाइयों की मौत हो चुकी थी. रविवार को खाना खाने के बाद पंकज दालान जाने की बात कहकर निकले थे. कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली. अनु के अनुसार पंकज परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे.
राजमिस्त्री और मजदूर समेत कई संदिग्ध हिरासत में
चार लोगों की मौत के बाद पुलिस ने गांव के ही एक राजमिस्त्री और एक मजदूर को हिरासत में लिया है. पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले की समीक्षा की है. पुलिस एक पांचवें संदिग्ध व्यक्ति की भी तलाश कर रही है.
रोटी, मछली और शराब के सैंपल की होगी जांच
पटना से पहुंची एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से रोटी, मछली और शराब के सैंपल लिए हैं. सभी नमूनों को जांच के लिए पटना भेजा गया है. जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि खाने या शराब में किसी जहरीले पदार्थ की मौजूदगी थी या नहीं.
मद्य निषेध विभाग की छापेमारी, करीब 20 हिरासत में
घटना के बाद मद्य निषेध विभाग की टीम ने पटना के ग्रामीण इलाकों के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापेमारी की. इस दौरान करीब 20 लोगों को हिरासत में लिए जाने की सूचना है. पुलिस की कार्रवाई में कुल 42 लोगों की गिरफ्तारी की बात सामने आई है.
पांचवें संदिग्ध की तलाश, गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
पुलिस को आशंका है कि मामले में किसी साजिश की भूमिका हो सकती है. गांव में शराब और खाद्य पदार्थ में जहर मिलाने की चर्चा भी है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पांचवें संदिग्ध की तलाश में जुटी है. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है.
मौत की वजह पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट से होगी साफ
पुलिस का कहना है कि मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बिसरा और एफएसएल जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चारों की मौत जहरीली शराब, किसी जहरीले पदार्थ या किसी अन्य कारण से हुई. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है.
