Patna Crime News : पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र के रेढ़बिगहा गांव में सोमवार की रात दो बदमाशों ने अनिल यादव के घर के पास फायरिंग कर दहशत फैला दी. फायरिंग की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिजन अंदर दुबक गये. हालांकि, घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बदमाशों ने करीब आधा दर्जन राउंड फायरिंग की.
पुलिस पहुंची तो नदी में कूदे बदमाश
बताया जाता है कि रेढ़बिगहा निवासी अनिल यादव को पिछले सप्ताह धनरूआ पुलिस ने एक मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा था. सोमवार की रात दो बदमाश उसके घर के पास पहुंचे और फायरिंग करने लगे. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में भी अफरातफरी मच गयी.
इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस को देखते ही दोनों बदमाश पास की नदी में कूद गये और दूसरे किनारे की ओर चले गये.
दूसरी तरफ भी पहुंची पुलिस तो फिर नदी में कूदे
बताया जाता है कि पुलिस की दूसरी गाड़ी से बदमाशों के दूसरे किनारे पहुंचने की सूचना मिली. इसके बाद बदमाशों ने फिर नदी में छलांग लगा दी. अंधेरे का फायदा उठाकर दोनों बदमाश पुलिस को चकमा देते हुए फरार हो गये.
शिकायत मिलने के बाद होगी कार्रवाई
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि अनिल यादव का पुत्र थाना पहुंचा है. घटना को लेकर लिखित शिकायत देने की प्रक्रिया चल रही है. शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी. हालांकि, पुलिस अपने स्तर से भी घटना की जांच कर रही है.
