Liquor seized : पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के डुमरी मिश्री चौक पर मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बुधवार की अहले सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब की खेप जब्त की. टीम ने मौके से एक ट्रक जब्त करने के साथ चालक समेत छह शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है. शराब की खेप डुमरी स्थित एक गोदाम में उतारी जा रही थी. कार्रवाई के बाद गोदाम को भी सील कर दिया गया.
1109 कार्टन में मिली 27 हजार से अधिक बोतलें
मद्यनिषेध विभाग की टीम ने छापेमारी के दौरान गोदाम से 1109 कार्टन विदेशी शराब बरामद की. बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 9860.400 लीटर, यानी 27 हजार 168 बोतल बतायी गयी है. शराब को ट्रक में छिपाने के लिए उसके ऊपर डीएपी खाद की बोरियां लादी गयी थीं, ताकि जांच के दौरान किसी को शराब की भनक न लगे.
सूचना पर विशेष टीम ने की छापेमारी
मद्यनिषेध निरीक्षक नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम गठित की गयी थी. टीम को सूचना मिली थी कि एक ट्रक से शराब की बड़ी खेप फतुहा के डुमरी स्थित एक गोदाम में पहुंचायी जा रही है. सूचना के आधार पर टीम ने बुधवार की सुबह गोदाम पर अचानक छापेमारी की. उस समय ट्रक से शराब की पेटियां उतारी जा रही थीं. टीम ने मौके पर ही तस्करों को दबोच लिया.
छह तस्कर गिरफ्तार
गिरफ्तार लोगों में ट्रक चालक रोहतक निवासी अंकित कुमार, अयोध्या निवासी राजकुमार, अमेठी निवासी राजेंद्र कुमार, रामसूरज, तेजबहादुर और बलजीत कुमार शामिल हैं. पुलिस ने ट्रक को भी जब्त कर लिया है.
कानपुर से पटना लाई गयी थी शराब
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार ट्रक चालक अंकित कुमार ने बताया कि शराब की खेप कानपुर से पटना लायी गयी थी. इसे डुमरी स्थित गोदाम में रखा जा रहा था. यहां से शराब को पटना के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई किया जाना था.
सरगना की तलाश में जुटी टीम
गोदाम को सील करने के बाद मद्यनिषेध विभाग की टीम शराब के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. पूछताछ के आधार पर तस्करी के नेटवर्क और इसके सरगना तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले अन्य आरोपितों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
