पटना से आनंद सिंह कौशिक की रिपोर्ट
Fake PS Arrested : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के निजी सचिव (पीएस) बनकर बिहार के कारा महानिरीक्षक (आईजी) को फोन कर बंदियों के स्थानांतरण का निर्देश देने वाले एक जालसाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान अरवल के मेहंदिया थाना क्षेत्र निवासी तथा वर्तमान में लखीसराय के पंचवटी कॉलोनी निवासी धीरज कुमार के रूप में हुई है. उसे लखीसराय से गिरफ्तार किया गया.
भागलपुर जेल में बंद कैदी को बेऊर कारा स्थानांतरित करने का दे रहा था निर्देश
सीटी एसपी मध्य ममता कल्याणी ने बताया कि चार अगस्त 2026 को सचिवालय थाना को सूचना मिली कि एक व्यक्ति केंद्रीय मंत्री के निजी सचिव बनकर कारा महानिरीक्षक को फोन कर भागलपुर मंडल कारा में बंद बंदी भरत सिंह को बेऊर केंद्रीय कारा स्थानांतरित करने का निर्देश दे रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच करायी गयी. जांच के दौरान केंद्रीय मंत्री से संपर्क किया गया, जिन्होंने स्पष्ट किया कि उनके निजी सचिव की ओर से ऐसा कोई फोन या निर्देश नहीं दिया गया था.
वरिष्ठ अधिकारियों का परिचय देकर विभिन्न विभागाें को करता था फोन
इसके बाद कारा महानिरीक्षक के आप्त सचिव के आवेदन पर सचिवालय थाना में कांड संख्या 166/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस ने आरोपी धीरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने स्वीकारा की वह विभिन्न मंत्रियों के निजी सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों का परिचय देकर अलग-अलग सरकारी विभागों में फोन करता था तथा अपने प्रभाव का झांसा देकर काम कराने की कोशिश करता था. पुलिस ने उसके पास से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन बरामद किया है. मामले में आगे की जांच जारी है.
