पटना: धनरूआ में पड़ोसियों की लड़ाई में बुजुर्ग की मौत, सात घायल, एक गिरफ्तार

पटना जिले के मसौढ़ी में गोबर रखने के मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई हिंसक झड़प में सात लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

Patna News : पटना जिले के मसौढ़ी अनुमंडल के धनरूआ थाना क्षेत्र के बीर गांव में गोबर रखने को लेकर चला आ रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया. दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई इस हिंसक झड़प में लाठी-डंडे चले, जिसमें सात लोग घायल हो गए. गंभीर रूप से घायल वृद्ध लालकेश्वर प्रसाद की शनिवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार, लालकेश्वर प्रसाद और टुनटुन यादव आपस में पड़ोसी हैं. दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से गोबर रखने को लेकर विवाद चल रहा था. आरोप है कि टुनटुन यादव अपने मवेशियों का गोबर लालकेश्वर प्रसाद के घर के पास रख देते थे. इससे न सिर्फ घर की दीवार गंदी हो जाती थी, बल्कि पास का नाला भी जाम हो जाता था. इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी.

दो दिन पहले बढ़ा विवाद, फिर हुई मारपीट

बताया जाता है कि दो दिन पहले यह विवाद अचानक बढ़ गया. दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया. लाठी-डंडे से जमकर मारपीट हुई, जिसमें लालकेश्वर प्रसाद, उनके पुत्र उमेश कुमार, टुनटुन यादव, मनीष कुमार, अर्जुन कुमार समेत कुल सात लोग घायल हो गए.

घटना के बाद सभी घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज शुरू हुआ, लेकिन लालकेश्वर प्रसाद की हालत लगातार गंभीर बनी रही. आखिरकार शनिवार सुबह उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वहीं, टुनटुन यादव की हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है.

पुलिस ने दर्ज किया मामला

घटना के बाद मृतक के पुत्र उमेश कुमार ने धनरूआ थाने में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और पूरे मामले की छानबीन की.

एक आरोपित गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार शाम एक आरोपित अर्जुन कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उसे धनरूआ के कंटाहीचक गांव के पास से पकड़ा गया. फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.

गांव में तनाव, पुलिस सतर्क

इस घटना के बाद बीर गांव में माहौल तनावपूर्ण हो गया है. एहतियात के तौर पर पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी तरह की दूसरी अप्रिय घटना न हो सके. ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर दहशत और चिंता का माहौल है.

एक छोटे से विवाद का इस तरह खूनी संघर्ष में बदल जाना कई सवाल खड़े करता है. अगर समय रहते विवाद को सुलझा लिया जाता तो शायद एक जान बचाई जा सकती थी. फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ajay kumar masaurhi

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >