Patna Crime News : पीरबहोर थाना क्षेत्र के अशोक राजपथ स्थित सिविल कोर्ट के पास शनिवार को बदमाशों ने औषधि निरीक्षक संजीव कुमार की कार का शीशा तोड़कर सीट पर रखा सरकारी बैग गायब कर दिया. घटना के बाद औषधि निरीक्षक ने पीरबहोर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिये हैं.
गवाही देने कोर्ट गये थे औषधि निरीक्षक
संजीव कुमार मूल रूप से वैशाली के रहने वाले हैं और उनकी पोस्टिंग जहानाबाद तथा गया-01 क्षेत्र में है. वह अपने काम के सिलसिले में सिविल कोर्ट आये थे. उन्होंने अपनी कार अशोक राजपथ में पिलर नंबर 13 के पास पार्क की और एक मामले में गवाही देने के लिए कोर्ट चले गये. कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो कार का शीशा टूटा मिला. सीट पर रखा सरकारी बैग भी गायब था. इसके बाद उन्होंने तत्काल पीरबहोर पुलिस को घटना की जानकारी दी.
बैग में सरकारी दस्तावेज और सिम था
संजीव कुमार ने पुलिस को बताया कि बैग में सरकारी दस्तावेज और एक सिम था. बैग में कोई नकदी या अन्य कीमती सामान नहीं होने की बात सामने आयी है. घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच शुरू कर दी है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके. पीरबहोर पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. मामले में कार्रवाई की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है.
