Dr Thiagarajan SM: कौन हैं पटना के नए DM डॉ. त्यागराजन? पीएम मोदी भी कर चुके हैं सम्मानित

Dr Thiagarajan SM: डॉ. त्यागराजन एसएम को पटना का नया डीएम नियुक्त किया गया है. इससे पहले वे नालंदा, दरभंगा और गया में डीएम रह चुके हैं. पीएम मोदी ने भी उन्हें सम्मानित किया है. अपने तेज निर्णयों और प्रभावी प्रशासन के लिए प्रसिद्ध, डॉ. त्यागराजन अब राजधानी पटना में नई जिम्मेदारी निभाएंगे. आइए, जानते हैं उनके प्रशासनिक सफर के बारे में…

Dr Thiagarajan SM: बिहार कैडर के हर आईएएस अधिकारी का सपना होता है कि वे अपने कार्यकाल में एक बार पटना जिले का जिलाधिकारी बनें. यह पद केवल तेजतर्रार, कर्मठ और प्रशासनिक रूप से सक्षम अधिकारियों को ही सौंपा जाता है. इस बार यह जिम्मेदारी साल 2011 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम को सौंपी गई है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें अपने सर्वश्रेष्ठ अधिकारियों में मानते हुए पटना बुलाया है. इससे पहले वे गया, नालंदा और दरभंगा जैसे प्रमुख जिलों में डीएम की भूमिका निभा चुके हैं और हर जगह अपनी प्रशासनिक क्षमता से अलग पहचान बनाई है.

नालंदा में दिखाया प्रशासनिक कौशल

डॉ. त्यागराजन एसएम की प्रशासनिक यात्रा की शुरुआत पूर्णिया से हुई, जहां उन्होंने प्रशिक्षु आईएएस के रूप में कार्य किया. फिर पटना सिटी में एसडीओ के रूप में अपनी पहली नियुक्ति पाई. इसके बाद वे बिहारशरीफ नगर निगम के आयुक्त बने और वहां स्वच्छता के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य किए. अगस्त 2015 में उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने गृह जिला नालंदा का जिलाधिकारी बनाया. यहां उन्होंने राजगीर के भूई गांव में ठोस कचरा प्रबंधन की बेहतरीन योजना बनाई, जो देश-विदेश में सराही गई. नालंदा को स्मार्ट सिटी की दौड़ में शामिल कराना हो या मॉडल गांव चम्हेडा का विकास, डॉ. त्यागराजन का योगदान उल्लेखनीय रहा. उनके कार्यों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2017 में उन्हें सम्मानित किया था.

दरभंगा को मिली नई पहचान

फरवरी 2019 में वे दरभंगा जिले के डीएम बने. यहां उन्होंने अपने मजबूत प्रशासनिक निर्णयों और दूरदर्शिता से जिले को एक नई पहचान दी. फेम इंडिया और एशिया पोस्ट के सर्वे में उन्हें दस मापदंडों पर “विलक्षण” श्रेणी का अधिकारी घोषित किया गया. उनकी जवाबदेही, संवेदनशीलता और तेज निर्णय क्षमता की व्यापक सराहना हुई.

तमिलनाडु से बिहार तक का सफर

डॉ. त्यागराजन एसएम का जन्म 20 दिसंबर 1984 को तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुआ. मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे त्यागराजन के पिता एस मोहन राम और माता उमा देवी हैं. उन्होंने 2008 में एमजीआर मेडिकल यूनिवर्सिटी से एमबीबीएस की डिग्री ली. इसके बाद 2010 में उन्होंने आईपीएस बनकर ओडिशा में एएसपी के रूप में सेवा दी. लेकिन प्रशासनिक क्षेत्र में गहराई से काम करने की ललक ने उन्हें 2011 में आईएएस की ओर मोड़ा और वे इस परीक्षा में सफल रहे.

ALSO READ: Bihar News: बिहार में अब फ्री में करें NEET-JEE की तैयारी, इस जिले के डीएम ने बनाया ‘सुपर 50’

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket kumar

अनिकेत कुमार प्रभात खबर के साथ पिछले दो वर्षों से डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वे मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के आठ प्रमुख जिलों—मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, मधुबनी, शिवहर, बेतिया और मोतिहारी—की डिजिटल टीम को लीड करते हैं. पत्रकारिता में उन्हें करीब पांच वर्षों का अनुभव है.

डिजिटल पत्रकारिता के विभिन्न आयामों की समझ रखने वाले अनिकेत वर्तमान में हाइपरलोकल पत्रकारिता पर विशेष रूप से काम कर रहे हैं. हाइपरलोकल, क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों में उनकी खास रुचि है. इससे पहले वे बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक खबरों पर भी काम कर चुके हैं. खबरों के साथ-साथ वीडियो इंटरव्यू, वीडियो रिपोर्ट और सोशल मीडिया रील्स बनाने का अनुभव भी रखते हैं. YouTube और Instagram के कंटेंट एल्गोरिद्म और डिजिटल ऑडियंस की पसंद को समझते हुए वे खबरों को अलग-अलग डिजिटल फॉर्मेट में प्रस्तुत करने पर भी काम करते हैं.

अपने पत्रकारिता करियर में उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव और बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को जमीनी स्तर पर कवर किया है. प्रभात खबर के साथ बिहार विधानसभा चुनाव कवरेज के दौरान उन्होंने करीब 50 विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया, जहां मतदाताओं से सीधे संवाद किया और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चौपाल कार्यक्रम किए. नेताओं से सीधे सवाल पूछने के साथ उन्होंने जनता के बीच जाकर कई जमीनी मुद्दों को वीडियो रिपोर्ट के जरिए सामने रखा. चुनाव के दौरान अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में समय बिताने और लोगों के बीच रहकर रिपोर्टिंग करने के अनुभव उन्हें डेस्क पर खबरों को बेहतर संदर्भ के साथ समझने और प्रस्तुत करने में मदद करते हैं.

प्रभात खबर से पहले वे राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थानों के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने शुरुआती शिक्षा मुजफ्फरपुर में अंग्रेजी माध्यम से प्राप्त की और इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की.

बदलते मीडिया परिदृश्य और AI के दौर की पत्रकारिता को समझने में भी उनकी लगातार रुचि है. वे नए AI टूल्स और तकनीकों को सीखते हैं और उन्हें पत्रकारिता के काम में उपयोग करने के तरीकों पर लगातार प्रयोग करते रहते हैं. खाली समय में साहित्यिक किताबें पढ़ना और वीडियो बनाना उन्हें पसंद है. उनके लिए पत्रकारिता एक लगातार सीखने और बेहतर करने की प्रक्रिया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >