डबल डेकर : पहले फेज में करगिल चौक से पटना विवि तक इस माह के अंत में चालू होगा

करगिल चौक से एनआइटी मोड़ तक बन रहे डबल डेकर फ्लाइओवर की फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है.

संवाददाता,पटना

करगिल चौक से एनआइटी मोड़ तक बन रहे डबल डेकर फ्लाइओवर की फिनिशिंग का काम अंतिम चरण में है. डबल डेकर फ्लाइओवर का काम पूरा हो गया है. पहले फेज में करगिल चौक से पटना विश्वविद्यालय तक जाने की सुविधा मिलेगी. वापसी में पटना कॉलेज से बीएन कॉलेज के पास उतर कर लोग करगिल चौक की तरफ बढ़ेंगे. इस माह के अंत तक इसके चालू होने की संभावना है. हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय से तिथि निर्धारित होने के दिन इसका उद्घाटन होगा. डबल डेकर फ्लाइओवर पर आवागमन चालू होने से अशोक राजपथ में ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिलेगी. लोगों का सफर आसान होगा. फ्लाइओवर व चढ़ने व उतरने के लिए कृष्णा घाट, पटना कॉलेज, बीएन कॉलेज, करगिल चौक पर रैंप के निर्माण का काम पूरा हो गया है. दूसरे चरण में एनआइटी तक जाने की सुविधा मिलेगी. पटना सायंस कॉलेज के पास मेट्रो के निर्माण का कार्य होने से वहां रैंप बनाने में बाधा आ रही है. मेट्रो का काम संपन्न होने के बाद ही रैंप का निर्माण होगा. इसके बाद करगिल चौक से सीधे एनआइटी जाने की सुविधा मिलेगी.

हाइ क्वालिटी का साउंड बैरियर लगाये गये

डबल डेकर फ्लाइओवर के चालू होने से वाहनों का परिचालन अधिक होगा. वाहनों से निकलनेवाले शोर से फ्लाइओवर के दोनों तरफ रहनेवाले लोगों को परेशानी से बचाने के लिए हाइ क्वालिटी का साउंड बैरियर लगाये गये हैं. इससे वाहनों का शोर फ्लाइओवर के बाहर कम होगा. फ्लाइओवर पर अलग-अलग रंगों में निकलनेवाली रोशनी के बल्ब लगाये गये हैं.

सर्विस रोड किये जा रहे दुरुस्त

अशोक राजपथ में सर्विस रोड को दुरुस्त करने का काम तेजी से हो रहा है. पूरे स्ट्रेच में अलग-अलग जगहों पर लगभग एक हजार मीटर में सर्विस रोड दुरुस्त किया गया है. फ्लाइओवर के चालू होने के बाद ट्रैफिक लोड कम होने पर सर्विस रोड को दुरुस्त करने में तेजी आयेगी. नाले का निर्माण का काम भी तेजी से हो रहा है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumar prabhat

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >