पटना के डॉक्टर से 2.03 करोड़ की वसूली, मुजफ्फरपुर में कोचिंग चलाने वाली महिला ने किया ब्लैकमेल

पटना में एक डॉक्टर को झूठे दुष्कर्म केस में फंसाने की धमकी देकर 2.03 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है. एक कोचिंग संचालिका, उसके पति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस इस संगठित गिरोह का पर्दाफाश करने में जुटी है.

Patna Crime News : पटना जिले के राजीव नगर थाना क्षेत्र में दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी देकर एक डॉक्टर से 2.03 करोड़ रुपये वसूलने का मामला सामने आया है. डॉक्टर की पत्नी ने मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा इलाके की एक कोचिंग संचालिका, उसके पति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ राजीव नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. राजीव नगर पुलिस ने केस दर्ज किए जाने की पुष्टि की है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

कोचिंग संचालिका पहले दोस्ती की, बाद में पैसों की मांग

डॉक्टर की पत्नी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि वर्ष 2024 में मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित एक कोचिंग संस्थान की संचालिका और उसके पति ने उनके डॉक्टर पति से दोस्ती की. इसके बाद महिला और डॉक्टर के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी.

आरोप है कि इसी दौरान महिला ने अपनी मां के इलाज के नाम पर 20 हजार रुपये की मदद मांगी. इसके बाद अलग-अलग बहाने बनाकर लगातार पैसों की मांग की जाने लगी और डॉक्टर मदद के नाम पर रकम देते रहे. बाद में मिठनपुरा में नया कोचिंग संस्थान खोलने के लिए 10 लाख रुपये की मांग की गई. रकम वापस करने का आश्वासन मिलने पर डॉक्टर ने कथित तौर पर 10 लाख रुपये भी दे दिए.

पुरानी सेल्फी दिखाकर दुष्कर्म केस की धमकी दी

शिकायत के अनुसार, लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर डॉक्टर ने आगे रकम देने से इनकार कर दिया. इसके बाद नवंबर 2025 में कोचिंग संचालिका और उसके पति ने डॉक्टर को मुजफ्फरपुर स्थित अपने कार्यालय के पास बुलाया. आरोप है कि वहां महिला ने एक पुरानी सेल्फी दिखाकर डॉक्टर को दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दी.

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पैसे नहीं देने पर डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद डर के कारण डॉक्टर ने अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से कथित तौर पर कुल 2.03 करोड़ रुपये कोचिंग संचालिका और उसके पति को दे दिए.

स्टांप पेपर पर लिखवाया कि रकम वापस नहीं मांगेंगे

शिकायत में डॉक्टर की पत्नी ने आरोप लगाया है कि रकम लेने के बावजूद आरोपितों ने डॉक्टर पर और दबाव बनाया. उनसे स्टांप पेपर पर लिखवाया गया कि अब तक दी गई राशि वापस नहीं मांगी जाएगी. डॉक्टर ने मुजफ्फरपुर कोर्ट परिसर में स्टांप पेपर पर कथित घोषणा भी कर दी.

इसके बाद भी पैसों की मांग जारी रहने का आरोप है. कभी आत्महत्या करने तो कभी दुष्कर्म का केस दर्ज कराने का डर दिखाकर डॉक्टर से रकम मांगने की बात शिकायत में कही गई है.

डॉक्टर की पत्नी ने संगठित गिरोह चलाने का लगाया आरोप

डॉक्टर की पत्नी ने पुलिस को बताया है कि आरोपित एक संगठित गिरोह के रूप में काम कर रहे हैं. आरोप है कि गिरोह सीधे-साधे लोगों को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता है. लगातार पैसों की मांग से परेशान होकर डॉक्टर की पत्नी ने राजीव नगर थाने में कोचिंग संचालिका, उसके पति और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है.

पुलिस जांच में जुटी

राजीव नगर पुलिस ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है. पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, बैंक खातों में हुए लेन-देन, व्हाट्सएप बातचीत और स्टांप पेपर से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें : पटना में स्कूल से घर नहीं पहुंची नाबालिग छात्रा, अपहरण की आशंका में पांच घंटे रहा सड़क जाम



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Nitish kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >