पटना: नेहरू पथ पर बढ़ा ट्रैफिक दबाव तो विश्वेश्वरैया भवन के पीछे से गुजरेंगे वाहन

पटना के नेहरू पथ पर वाहनों का दबाव बढ़ने पर विश्वेश्वरैया भवन के पीछे से ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा। जानिए क्या है प्रशासन की नई ट्रैफिक योजना।

Patna Traffic Rules : पटना जिले के नेहरू पथ पर पुनाईचक के पास वाहनों का दबाव अधिक होने पर विश्वेश्वरैया भवन के पीछे की सड़क को वैकल्पिक मार्ग के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा. फिलहाल इस मार्ग का चयन वैकल्पिक रास्ते के तौर पर किया गया है. ट्रैफिक का दबाव बढ़ने पर ही वाहनों को इस रास्ते से परिचालन की अनुमति दी जाएगी.

पुनाईचक से विश्वेश्वरैया भवन के पीछे होकर अटल पथ पहुंचेंगे वाहन

योजना के अनुसार, नेहरू पथ से आने वाले वाहनों को पुनाईचक मोड़ से विश्वेश्वरैया भवन के पीछे वाली सड़क से अटल पथ की सर्विस लेन की ओर भेजा जाएगा. इसके बाद वाहन अटल पथ के शिवपुरी अंडरपास से दूसरे लेन में पहुंचेंगे. वहां से वाहन हड़ताली मोड़ या बोरिंग रोड की ओर निकल सकेंगे.

राजवंशी नगर हनुमान मंदिर के पास सबसे ज्यादा दबाव

नेहरू पथ पर तीन जगहों पर मेट्रो निर्माण कार्य चलने के कारण राजवंशी नगर हनुमान मंदिर के पास वाहनों का दबाव अधिक है. पीक आवर में सुबह नौ से 11 बजे और शाम पांच से रात आठ बजे तक चिड़ियाघर गेट नंबर एक से आगे व्यावसायिक वाहनों के परिचालन पर पहले से रोक है. इसके बावजूद इस दौरान वाहन चालकों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है.

इसी को देखते हुए विश्वेश्वरैया भवन के पीछे वाली सड़क से व्यावसायिक वाहनों के परिचालन का विकल्प तैयार किया जा रहा है.

20 अगस्त से व्यावसायिक वाहनों पर पूरी तरह रोक की तैयारी

नेहरू पथ पर 20 अगस्त से चिड़ियाघर गेट नंबर एक से आयकर गोलंबर तक व्यावसायिक वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद करने की योजना है. ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक मार्गों को भी तैयार किया जा रहा है.

बुद्ध मार्ग में भी नहीं खत्म हो रहा जाम

बुद्ध मार्ग पर भी जाम की समस्या बनी हुई है. जीपीओ गोलंबर से कोतवाली थाना तक बड़ी संख्या में व्यावसायिक वाहनों के परिचालन से सड़क पर दबाव बढ़ गया है. इसके अलावा मल्टी मॉडल हब से जिले के अलग-अलग हिस्सों और शहरी क्षेत्र के लिए बसों का परिचालन शुरू होने से भी बुद्ध मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ा है.

नियम तोड़नेवालों पर होगी कार्रवाई

ट्रैफिक पुलिस की ओर से बुद्ध मार्ग में लगातार अभियान चलाया जा रहा है. कई स्थानों पर नो पार्किंग के बोर्ड लगाये गये हैं और नियम तोड़ने वाले वाहनों पर कार्रवाई भी की जा रही है. इसके बावजूद सड़क पर बढ़ते वाहनों के दबाव के कारण जाम की समस्या पूरी तरह खत्म नहीं हो पा रही है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By नितीश कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >