RJD Office : माउंटेन मैन दशरथ मांझी की पुण्यतिथि के मौके पर सोमवार 17 अगस्त को पटना स्थित राष्ट्रीय जनता दल के कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एक अलग नजारा देखने को मिला. दशरथ मांझी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे कुछ राजद समर्थक भोजपुरी गाने और डीजे की धुन पर डांस करते नजर आए. वहीं मंच पर मौजूद कुछ लोग डांस कर रही महिला को मना करते नजर आए. कार्यक्रम का वीडियो सामने आने के बाद यह दृश्य चर्चा में है.
पुष्पांजलि के बाद भोजपुरी गाने पर डांस
वीडियो में एक महिला समर्थक पहले दशरथ मांझी को पुष्पांजलि अर्पित करती नजर आती हैं. इसके बाद वहां बज रहे भोजपुरी गाने पर वह डांस करने लगती हैं. मंच से कुछ राजद कार्यकर्ता वहां पहुंचे और महिला को ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया. कुछ देर रुकने के बाद महिला फिर डांस करने लगी.
तेजस्वी यादव ने दी श्रद्धांजलि, भारत रत्न की मांग
कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी पहुंचे. उन्होंने माउंटेन मैन दशरथ मांझी को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया. अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने कहा कि जो काम कोई नहीं कर पाया, वह काम दशरथ मांझी ने कर दिखाया.
उन्होंने कहा कि माउंटेन मैन के नाम से मशहूर दशरथ मांझी की बिहार में एक भी प्रतिमा नहीं लगी है. उन्होंने दशरथ मांझी को भारत रत्न देने की मांग भी की.
गरीबों के मुद्दे पर सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने मांझी समाज की स्थिति का जिक्र करते हुए सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार को गरीबों से कोई वास्ता नहीं है और गरीबों की झोपड़ियों पर बुलडोजर चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव गरीबों को बसाने का काम करते थे, जबकि मौजूदा सरकार गरीबों को उजाड़ने में लगी है. उन्होंने समर्थकों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि जहां भी गरीबों के घरों पर बुलडोजर चलेगा, वहां तेजस्वी यादव खड़े रहेंगे.
