Patna Bunty Yadav murder: चर्चित बंटी यादव हत्याकांड की सीबीआई जांच और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को दानापुर प्रखंड कार्यालय के मुख्य गेट के बाहर एक दिवसीय अनशन सह धरना प्रदर्शन आयोजित किया गया. धरना का संयोजन पूर्व पार्षद प्रतिनिधि पप्पू यादव ने किया.
सीबीआई जांच की मांग को लेकर हुआ धरना
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता पीटी गजेंद्र कुमार ने की. इस दौरान वक्ताओं ने बंटी यादव हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कराए जाने और मामले को सीबीआई को सौंपने की मांग उठाई. उन्होंने कहा कि घटना के दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जानी चाहिए.
सेक्स रैकेट के विरोध पर हत्या का आरोप
धरना को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बंटी यादव की हत्या सेक्स रैकेट के विरोध करने के कारण की गई थी. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होने पर पूरी सच्चाई सामने आएगी और दोषियों की पहचान होगी.
अपहरण के बाद मिली थी बंटी यादव की लाश
वक्ताओं ने बताया कि 6 जुलाई को बंटी यादव का करबिगहिया से अपहरण कर लिया गया था. बाद में बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन के किनारे उसका शव बरामद किया गया. इस घटना के बाद से परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे हैं.
हत्यारों को फांसी देने की उठी मांग
धरना में शामिल लोगों ने सरकार से मांग की कि बंटी यादव के हत्यारों को गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए और उन्हें फांसी की सजा दिलाई जाए. उन्होंने कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष जारी रहेगा.
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
धरना कार्यक्रम में मृतक बंटी यादव के परिजनों के अलावा समाजसेवी धीरज यादव, राज कुमार यादव उर्फ राजू, राजद नेता रेयाज अहमद, मौलवी हसन उर्फ मक्खन, राजनाथ जायसवाल उर्फ राजू जायसवाल, ओम प्रकाश यादव, वकील यादव, कांग्रेस नेता राज कुमार पूर्वे, सत्यानंद सिंह यादव, नरेश कुमार, कालिका यादव, जितेंद्र राम, पूर्व प्रमुख मनोज यादव, विपिन बिहारी, वर्षा सिंह, सनोज कुमार राय, अधिवक्ता नर्मदेश्वर प्रसाद, ई. संजय कुमार, संदीप महतो, विकास कुमार, धीरज कुमार, चंद्रबोध यादव, अर्जुन पासवान समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे.
