CTET Appearing Student News : बिहार में BPSC TRE-4 के नोटिफिकेशन जारी होने के बाद CTET कैंडिडेट में नाराजगी देखी जा रही है. अपनी मांगों को लेकर CTET कैंडिडेट आज शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर पहुंच गए. अभ्यर्थी शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर TRE-4 में उन्हें भी मौका देने और सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रहे हैं.
उनका कहना है कि BPSC TRE-4 में CTET कैंडिडेट को भी शामिल होने का मौका दिया जाना चाहिए. इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी सुबह करीब 6:30 बजे से शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर बैठे हैं और उनसे मिलने की मांग कर रहे हैं.
अभ्यर्थियों का सवाल- STET को मौका मिला तो हमें क्यों नहीं?
TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी होने के बाद CTET कैंडिडेट में नाराजगी है. उनका कहना है कि जब STET कैंडिडेट को मौका दिया गया, तो CTET कैंडिडेट को TRE-4 में शामिल होने का अवसर क्यों नहीं दिया जा रहा है.
अभ्यर्थियों ने कहा कि दो साल बाद BPSC TRE-4 का नोटिफिकेशन आया है. ऐसे में अगर अभी उन्हें मौका नहीं मिला, तो वे TRE-4 की परीक्षा में कैसे शामिल होंगे. उनका कहना है कि वे अपनी मांग को लेकर सबसे पहले शिक्षा मंत्री से मिलकर उनसे अनुरोध करना चाहते हैं कि उन्हें भी परीक्षा में शामिल होने का मौका दिया जाए.
हम शिक्षा मंत्री को अपना गार्जियन मानते हैं
अभ्यर्थियों ने कहा कि वे शिक्षा मंत्री को अपना गार्जियन मानते हैं और उन्हें पूरी उम्मीद है कि शिक्षा मंत्री अपने बच्चों से जरूर मिलेंगे और उनकी बात सुनेंगे. वे सुबह से आवास के बाहर बैठे हैं, लेकिन अब तक उनसे मुलाकात नहीं हो पाई है.
मांग पूरी नहीं हुई तो अनशन की चेतावनी
कुछ अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर शिक्षा मंत्री उनसे मुलाकात नहीं करेंगे, तो वे अनशन पर बैठेंगे. अभ्यर्थियों का कहना है कि वे अपने भविष्य के लिए यहां पहुंचे हैं और शिक्षा मंत्री को उनकी बात सुननी होगी.
शिक्षा मंत्री को याद दिलाया उनका बयान
अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री के उस बयान का भी हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कहा था कि उनका दरबार खुला है और जो भी अपनी बात रखना चाहता है, वह यहां आकर अपनी समस्या बता सकता है. अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब सभी की बात सुनने के लिए दरबार खुला है, तो आज उनकी बात क्यों नहीं सुनी जा रही है.
TRE-1 में मौका मिला तो TRE-4 में क्यों नही
सुबह से शिक्षा मंत्री से मिलने के लिए अभ्यर्थी आवास के बाहर बैठे हैं, लेकिन अभी तक मुलाकात नहीं हो पाई है. उन्होंने कहा कि TRE-1 में उन्हें मौका मिला था, तो TRE-4 में क्यों नहीं दिया जा रहा है.
अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट
शिक्षा मंत्री के आवास के बाहर CTET कैंडिडेट की भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड में है. पदाधिकारी लगातार अभ्यर्थियों को आवास के बाहर से हटाने की कोशिश कर रहे हैं. पुलिस बल की संख्या भी बढ़ाई जा रही है. हालांकि, अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं. उनका कहना है कि वे शिक्षा मंत्री से मिलकर ही यहां से जाएंगे.
इससे पहले भी पहुंचे थे अभ्यर्थी
इससे पहले गुरुवार को भी बड़ी संख्या में BPSC TRE-4 के म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों ने वैकेंसी की मांग को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के आवास पर पहुंचे थे. इस दौरान शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से बातचीत की थी और उन्हें आश्वासन दिया था.
शिक्षा मंत्री ने म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों से कहा था कि जब तक परीक्षा की तारीख जारी नहीं होती है, तब तक वैकेंसी आती रहेगी. बिहार के युवाओं और छात्रों के हित में जो करना होगा, वह सब किया जाएगा. उन्होंने कहा था कि सरकार संवाद के लिए हमेशा तैयार है. सभी को बुलाकर बात की जाती है और रास्ता निकालने का प्रयास किया जाता है.
शिक्षा मंत्री बोले- सरकार खुद चिंतित
शिक्षा मंत्री ने आगे कहा था कि अभ्यर्थियों के भविष्य के लिए सरकार खुद चिंतित है. अच्छी पढ़ाई कैसे हो और अच्छे शिक्षक स्कूलों में कैसे पहुंचे, इसके लिए सरकार दिन-रात काम कर रही है. उन्होंने इसे सरकार की प्राथमिकता बताया था.
शिक्षा मंत्री ने अभ्यर्थियों से परीक्षा की तैयारी में जुटने को कहा था. उन्होंने कहा था कि जहां भी वैकेंसी बची होगी, उसे मंगाया जाएगा और वैकेंसी बढ़ाई भी जा सकती है. म्यूजिक टीचर अभ्यर्थियों से उन्होंने कहा था कि वे निश्चिंत होकर जाएं और सरकार अच्छा निर्णय करेगी.
