Patna News : मीठापुर-महुली एलिवेटेड सड़क का निर्माण कार्य तेजी से करें पूरा : सीएम

सीएम नीतीश कुमार ने एमएलए-एमएलसी आवास, मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड और बख्तियारपुर-ताजपुर सड़क के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण तेजी से पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया.

संवाददाता, पटना : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को एमएलए-एमएलसी आवास, मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड और बख्तियारपुर-ताजपुर सड़क का निर्माण तेजी से पूरा करने का निर्देश अधिकारियों को दिया. साथ ही उन्होंने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन (एनएच-31) के आरओबी का शुभारंभ किया. इससे पहले उन्होंने इन सभी परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों से पूरी जानकारी ली. सबसे पहले मुख्यमंत्री ने पटना में बन रहे एमएलए और एमएलसी आवास परिसर का निरीक्षण किया. इस दौरान भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि ने मुख्यमंत्री को बताया कि यहां विधान पार्षदों को 75 फ्लैट आवंटित कर दिये गये हैं. एमएलए के लिए 246 फ्लैट बनाये जा रहे हैं, जिनमें से 88 फ्लैट आवंटित किये गये हैं. बचे 188 फ्लैटों का निर्माण दो महीने में पूरा हो जायेगा. उन्होंने कैंटीन, कम्युनिटी हॉल, गेस्ट हाउस के निर्माण कार्य के संबंध में भी सीएम को जानकारी दी.

एमएलए आवास परिसर में लगाएं पौधे

सीएम ने नवनिर्मित एमएलए फ्लैट के निचले और ऊपरी तल के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि परिसर के अंदर के रास्ते को ठीक रखें. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि साफ-सफाई की व्यवस्था रखें, साथ ही परिसर में पौधारोपण भी कराएं और निर्माणाधीन कार्यों को तेजी से पूरा करें.

अगले महीने तैयार हो जायेगा मीठापुर-महुली पथ

सीएम ने मीठापुर फ्लाइओवर रोटरी और मीठापुर रेलवे क्रॉसिंग के पास मीठापुर-महुली एलिवेटेड रोड के निर्माण का जायजा लिया. इस दौरान पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष शीर्षत कपिल ने उन्हें बताया कि इस पथ की लंबाई 11 किमी है. इसके बचे हुए कार्य को अप्रैल माह तक पूरा कर लिया जायेगा.

पटना-गया पुरानी सड़क के चौड़ीकरण का निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने पुनपुन तीनमुहानी के पास रुक कर पटना-गया पुरानी सड़क के चौड़ीकरण का भी जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने कहा कि यहां से पुनपुन घाट तक जाने के लिए एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य तेजी से पूरा करें. साथ ही लक्ष्मण झूला का निर्माण कार्य भी जल्द पूरा करें. मुख्यमंत्री ने वहां लोगों से मिलकर हाल-चाल जाना.

बख्तियारपुर-मोकामा आरओबी का शुभारंभ

सीएम ने बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन (एनएच-31) के आरओबी का शुभारंभ किया. मौके पर उन्होंने कहा कि अब बख्तियारपुर से मोकामा आने-जाने वाले लोगों को अधिक सहूलियत होगी. साथ ही पटना उत्तर बिहार जाना सुगम होगा और समय की बचत होगी.

ये रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण मंत्री जयंत राज,सचिव कुमार रवि, पथ निर्माण विभाग के एसीएस मिहिर कुमार सिंह, सीएम के प्रधान सचिव दीपक कुमार व ओएसडी गोपाल सिंह, पुल निर्माण निगम के अध्यक्ष शीर्षत कपिल अशोक, डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह, एसएसपी अवकाश कुमार व अन्य मौजूद थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >