बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से मैट्रिक विशेष और कंपार्टमेंटल परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच करने की घोषणा कर दी गयी है. बोर्ड की ओर से पांच जिले मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पटना, गयाजी और सारण में निर्धारित मूल्यांकन केंद्र पर 12 मई से 14 मई तक मूल्यांकन चलेगा. उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए इन जिलों के मान्यता प्राप्त विद्यालय में कार्यरत विषयवार शिक्षकों में से आवश्यकतानुसार प्रधान परीक्षक सह परीक्षकों का नियुक्ति पत्र समिति की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है. इसके साथ ही परीक्षकों के नियुक्ति पत्र की हार्ड कॉपी विषयवार पैकिंग कर समिति के प्रतिनियुक्त कर्मी द्वारा निर्दिष्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में भेजा गया है, जो 9 मई को वितरण के लिए उपलब्ध रहेगा. समिति ने उक्त पांच जिलों के माध्यमिक स्तर के मान्यता प्राप्त विद्यालयों के प्रधान से अनुरोध किया है कि जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से प्रधान परीक्षक व सह-परीक्षक का नियुक्ति पत्र स्वयं अथवा विधिवत प्राधिकृत प्रतिनिधि के माध्यम से प्राप्त कर संबंधित शिक्षक को प्राप्त कराते हुए मूल्यांकन कार्य के लिए विरमित करना सुनिश्चित करेंगे. इसके अलावा समिति की वेबसाइट पर दिये गये लिंक पर क्लिक कर परीक्षक स्वयं भी नियुक्ति पत्र डाउनलोड कर सकते हैं. मूल्यांकन केंद्र पर ससमय योगदान नहीं करने वाले परीक्षक के खिलाफ समिति की ओर से कार्रवाई की जायेगी. इसके लिए विद्यालय प्रधान व शिक्षक स्वयं जिम्मेदार होंगे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.