संवाददाता, पटना केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रा) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने गुरुवार को एक बार फिर दोहराया कि वह विधानसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं, मगर, इस बार नहीं. पटना में अपने आवास पर चिराग पासवान ने गुरुवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि मैंने कई बार इस बात को दोहराया है कि मेरी राजनीति में आने का कारण ही बिहार और बिहारी रहा है. लेकिन, इस बार नहीं. इस बार एनडीए के नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं और उन्हीं के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव होगा. वही मुख्यमंत्री बनेंगे. चिराग ने कहा कि केंद्र की राजनीति की तुलना में बिहार में खुद को सहज महसूस करता हूं. मैं न केवल बिहार से पलायन रोकना चाहता हूं, बल्कि रिवर्स माइग्रेशन के तहत बाहर गए लोगों को वापस भी लाना चाहता हूं. आतंकवाद के खात्मे का समय आ गया : चिराग ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर कहा कि वक्त आ गया है कि आतंकवाद और उसके पालने वालों को खत्म किया जाए. हम लोगों ने बहुत सहनशीलता दिखा ली. अब चुप बैठने का कोई मतलब नहीं है. प्रधानमंत्री आतंकवादियों और उन्हें पालने -पोसने वाले पाकिस्तान को करारा जवाब देंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
