कूड़ेदान से मिला खून से सना पैंट-चप्पल, रोशनी हत्याकांड में बड़ा सुराग, चार संदिग्ध हिरासत में

Patna Crime News: पटना में 10 वर्षीय रोशनी कुमारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ा सुराग मिला है. कूड़ेदान से खून से सने कपड़े और चप्पल बरामद हुए हैं, जिसके बाद जांच और तेज हो गई है.

Patna Crime News: पटना के बाइपास थाना क्षेत्र में चर्चित रोशनी हत्याकांड की जांच में शनिवार को अहम मोड़ आया. मीठा कुआं इलाके के एक कूड़ेदान से पुलिस ने खून से सना फुल पैंट, चप्पल, रूमाल और सफेदा बरामद किया है. परिजनों ने बरामद चप्पल को रोशनी का बताया है. इस बरामदगी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि केस जल्द सुलझ सकता है.

जांच का दायरा सिमटा, आसपास के लोगों पर नजर

शव मिलने की जगह से लेकर बरामदगी स्थल तक पुलिस अब एक सीमित दायरे में जांच कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि आरोपी दूर नहीं गया है और आसपास ही छिपा हो सकता है. इसी को ध्यान में रखते हुए इलाके के लोगों, आने-जाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम और डॉग स्क्वॉड को भी लगाया गया है. टीम ने घटनास्थल, कचरे के ढेर, गलियों और आसपास के घरों की बारीकी से जांच की. खून के निशान, कपड़ों के फाइबर और अन्य सूक्ष्म साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, ताकि अपराधी तक पहुंचा जा सके.

चार संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी

पुलिस ने इस मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है. उनसे लगातार पूछताछ की जा रही है. उनके मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और घटना के समय की गतिविधियों को खंगाला जा रहा है. सूत्रों के अनुसार, बरामद सामान के आधार पर पूछताछ और सख्त कर दी गई है.

48 घंटे बाद भी नहीं सुलझी गुत्थी

रोशनी कुमारी बुधवार सुबह से लापता थी. बाद में उसका शव घर से करीब 500 मीटर दूर एक गली में कंबल में लिपटा हुआ मिला था. घटना के 48 घंटे बीत जाने के बाद भी हत्या की असली वजह साफ नहीं हो पाई है. हालांकि, अब कूड़ेदान से मिले कपड़े और चप्पल को जांच का टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है. पुलिस का दावा है कि मिले सुरागों के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है.

Also Read: पटना में बंद फ्लैटों को बनाता था निशाना, पुलिस के हत्थे चढ़ते ही ‘कल्लू’ ने खोले कई राज, लाखों रुपये कैश और ज्वेलरी बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय डिजिटल माध्यम में पिछले 2 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर तक का मुकाम तय किए हैं. अभी डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास करते हैं. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखते हैं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >