Tea Seller Assault Case ASI Suspended : पटना जिले के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में चाय दुकानदार के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए दो पुलिसकर्मियों पर सख्त कदम उठाया गया. मामले में एक एएसआई को निलंबित कर दिया गया है, जबकि एक गृह रक्षक को छह महीने के लिए ड्यूटी से हटा दिया गया है.
जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला एनएच-31 फोरलेन के पास स्थित एक चाय दुकान से जुड़ा है. दो अगस्त को इस घटना का वीडियो पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पटना के पास पहुंचा, जिसमें साफ तौर पर देखा गया कि चाय दुकानदार के साथ मारपीट की जा रही है. वीडियो सामने आने के बाद मामले को गंभीरता से लिया गया और जांच के आदेश दिए गए.
भुगतान विवाद बना मारपीट की वजह
जांच की जिम्मेदारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाढ़-02 को सौंपी गई. जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और संबंधित लोगों के बयान भी दर्ज किए गए. इसमें जो तथ्य सामने आए, वे चौंकाने वाले थे.
पता चला कि एक अगस्त की रात गश्ती दल और दुकानदार के बीच चाय के पैसे को लेकर विवाद हुआ था. इसी विवाद के बाद मामला इतना बढ़ गया कि ड्यूटी पर तैनात सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार और गृह रक्षक अंकित कुमार ने दुकानदार का कॉलर पकड़कर उसके साथ मारपीट कर दी.
जांच में दोषी पाए गए दोनों पुलिसकर्मी
जांच रिपोर्ट में दोनों पुलिसकर्मियों का व्यवहार पुलिस विभाग की छवि के खिलाफ पाया गया. रिपोर्ट मिलते ही अधिकारियों ने बिना देरी के कार्रवाई की. तीन अगस्त को एएसआई संजय कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया और उनका मुख्यालय नवीन पुलिस केंद्र पटना तय किया गया.
वहीं गृह रक्षक अंकित कुमार को छह महीने के लिए ड्यूटी से वंचित कर दिया गया है. साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है, ताकि मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके.
पुलिस ने दी सख्त चेतावनी
पुलिस विभाग ने साफ कर दिया है कि आम लोगों के साथ किसी भी तरह की बदसलूकी या अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की जिम्मेदारी लोगों की सुरक्षा करना है, न कि उनके साथ दुर्व्यवहार करना.
