Patna Crime News : दानापुर रेलवे स्टेशन से कैब बुक कर सवार हुए तीन हथियारबंद बदमाशों ने पुनपुन थाना क्षेत्र में चालक को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाकर उसकी हुंडई कार लूट ली. वारदात शुक्रवार देर रात डुमरी पुल के पास एनएच-22 पर हुई. बदमाश चालक को सड़क किनारे उतारकर कार लेकर मसौढ़ी की ओर फरार हो गए. मामले में चालक के बयान पर पुनपुन थाना में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
दानापुर स्टेशन से संपतचक के बैरिया बस स्टैंड जाने के लिए बुक की थी कैब
जानकारी के अनुसार, नौबतपुर थाना क्षेत्र के अमरपुरा निवासी नीरज कुमार एक कैब कंपनी से जुड़े हैं और स्वयं अपनी कार चलाते हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे दानापुर रेलवे स्टेशन पर तीन युवक यात्री बनकर आए और संपतचक के बैरिया बस स्टैंड जाने के लिए कैब बुक की.
पिस्तौल दिखाकर चालक को बंधक बनाकर खुद चलाने लगे कार
चालक के अनुसार, कुछ दूरी तय करने के बाद तीनों ने पिस्तौल निकालकर उन्हें धमकाया और कार रुकवा दी. इसके बाद एक बदमाश खुद कार चलाने लगा, जबकि नीरज को उसी कार में बंधक बनाकर बैठाए रखा. बदमाश बिहटा-सरमेरा मार्ग से होते हुए पुनपुन पहुंचे और डुमरी पुल के पास एनएच-22 पर चालक को कार से उतार दिया. इसके बाद तीनों कार लेकर मसौढ़ी की ओर फरार हो गए.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद नीरज ने राहगीरों की मदद से डायल-112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही 112 की टीम और पुनपुन थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा लूटी गई कार और बदमाशों की तलाश में जुटी है.
पहले भी हो चुकी है कैब लूट की घटना
पुनपुन थानाध्यक्ष बेबी कुमारी ने बताया कि चालक के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने बताया कि पुनपुन क्षेत्र में इससे पहले भी कैब लूट की ऐसी घटना हो चुकी है, जिसका बाद में सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया गया था.
इसे भी पढ़ें: Bihar New Rail Line: बिहार में 976 करोड़ से बिछेंगी 4 नई रेल लाइनें, पटना समेत इन रूटों पर रोज चलेंगी 22 नई ट्रेनें
